दुनिया

अमेरिकी दौरे पर पीएम मोदी कर सकते हैं US कांग्रेस को संबोधित, सांसदों ने चलाई मुहिम

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 25, 2023, 11:02 AM IST

राष्ट्रपति जो बाइडन के निमंत्रण पर पीएम मोदी 22 जून को वाशिंगटन डीसी की राजकीय यात्रा पर जा रहे हैं।

Image

Modi And Biden

Photo : AP

PM Modi US Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिकी यात्रा के दौरान यूएस कांग्रेस को संबोधित किए जाने की मांग उठ रही है। कई कांग्रेस सांसदों ने पीएम मोदी को इस संबंध में आमंत्रण भेजने की मांग की है। सांसद रो खन्ना ने हाउस स्पीकर केविन मैक्कार्थी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यूएस कांग्रेस की एक संयुक्त बैठक को संबोधित करने के लिए आमंत्रित करने का आग्रह किया है।

रो खन्ना ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि स्पीकर पीएम मोदी को आमंत्रण भेजेंगे। भारत और भारतीय-अमेरिकियों पर द्विदलीय कांग्रेस कॉकस के सह-अध्यक्ष के रूप में कैलिफोर्निया के एक डेमोक्रेट सांसद रो खन्ना और फ्लोरिडा के रिपब्लिकन सांसद माइकल वाल्ट्ज ने बुधवार को आमंत्रण पर चर्चा करने के लिए मैकार्थी से मुलाकात की थी।

पीएम मोदी 22 जून को अमेरिका जाएंगे

राष्ट्रपति जो बाइडन के निमंत्रण पर पीएम मोदी 22 जून को वाशिंगटन डीसी की राजकीय यात्रा पर जा रहे हैं। बाइडन द्विपक्षीय वार्ता के साथ-साथ राजकीय रात्रिभोज के लिए उनकी मेजबानी करेंगे। 1963 में राष्ट्रपति एस राधाकृष्णन और 2009 में पीएम मनमोहन सिंह के बाद मोदी केवल तीसरे भारतीय नेता बनेंगे जिन्हें ये सम्मान मिलेगा।

मंगलवार को द्विदलीय इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष के रूप में खन्ना और वाल्ट्ज ने स्पीकर को एक पत्र लिखकर उनसे पीएम मोदी को आमंत्रित करने का आग्रह किया था। पीएम मोदी ने 2016 में अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित किया था, जहां उन्होंने कहा था कि कैसे दोनों देशों ने इतिहास की झिझक को दूर किया है। अगर मैक्कार्थी पीएम मोदी को आमंत्रित करते हैं, और अगर मोदी निमंत्रण स्वीकार करते हैं, तो वह उन गिने-चुने नेताओं में शामिल हो जाएंगे जिन्होंने अमेरिकी कांग्रेस को दो बार संबोधित किया है। सम्मान पाने वाले अन्य लोगों में विंस्टन चर्चिल, नेल्सन मंडेला, यित्जाक राबिन और बेंजामिन नेतन्याहू शामिल हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article