PM Modi Italy Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) अपने पांच देशों के विदेश दौरे के अंतिम चरण में मंगलवार को इटली (India Italy Relations) की राजधानी रोम पहुंचे। जहां पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात इस समय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी चर्चा में है। रोम पहुंचने के बाद पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने साथ में डिनर किया और इसके बाद दोनों नेताओं ने रोम के प्रसिद्ध कोलोसियम का भी दौरा किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा कीं। उन्होंने लिखा कि रोम पहुंचने के बाद उन्हें प्रधानमंत्री मेलोनी से मिलने का अवसर मिला। दोनों नेताओं के बीच कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई और आगे होने वाली आधिकारिक बातचीत को लेकर वह उत्साहित हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इटली की दोस्ती को और मजबूत करने पर दोनों देशों का फोकस रहेगा। इससे पहले जॉर्जिया मेलोनी ने भी सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के साथ एक खास सेल्फी साझा की।
मेलोनी ने फोटो के साथ लिखा, 'Welcome to Rome, my friend!' यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और लोगों ने दोनों नेताओं की दोस्ती की जमकर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने इटली रवाना होने से पहले कहा था कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और इटली के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। खासतौर पर भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा यानी IMEC को लेकर बातचीत पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है। माना जा रहा है कि इस परियोजना से भारत और यूरोप के बीच व्यापार और कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिलेगा।
अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) के मुख्यालय का भी दौरा करेंगे। इससे खाद्य सुरक्षा और कृषि क्षेत्र में भारत की वैश्विक भूमिका को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
