देश

यूपी चुनाव में किस राजनीतिक दल का समर्थन करेगी सीजेपी? अभिजीत दीपके ने दे दिया जवाब, मुद्दे भी गिनाये

अभिजीत दीपके ने कहा कि चुनाव कब तक जाति और धर्म के आधार पर लड़े जाते रहेंगे? आज दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे विषयों पर चर्चा कर रही है, लेकिन भारतीय राजनीति में अब भी जाति और धर्म को प्राथमिकता दी जाती है।उन्होंने कहा कि चुनाव में युवाओं से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखा जाना चाहिए।

Image

CJP Founder Abhijeet Dipke

यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। अलग-अलग पार्टियों में गठबंधन हो रहा है। हर नेता अपने सियासी भविष्य को लेकर खींचतान में जुटा है। इसी बीच, हाल ही में उभरी कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है। इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि यूपी में सीजेपी विपक्षी गठबंधन को अपना समर्थन दे सकती है, हालांकि इन चर्चाओं के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके ने अपना रुख साफ कर दिया है।

यूपी चुनाव में समर्थन को लेकर साफ किया रुख

पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को साफ किया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में न तो खुद चुनाव लड़ेगी और न ही किसी राजनीतिक दल का समर्थन करेगी। छत्रपति संभाजीनगर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दीपके ने कहा कि उनकी पार्टी चुनावी प्रक्रिया में शामिल नहीं होगी। हालांकि, वह चाहती है कि चुनाव में युवाओं के भविष्य और देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो।

जाति-धर्म के बजाय AI और रोजगार पर हो चर्चा

अभिजीत दीपके ने कहा कि चुनाव कब तक जाति और धर्म के आधार पर लड़े जाते रहेंगे? आज दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे विषयों पर चर्चा कर रही है, लेकिन भारतीय राजनीति में अब भी जाति और धर्म को प्राथमिकता दी जाती है।उन्होंने कहा कि चुनाव में युवाओं से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखा जाना चाहिए। रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसे विषयों पर राजनीतिक दलों को अपनी बात रखनी चाहिए।

किसकी सरकार बनेगी, इस पर भी नहीं करेगी टिप्पणी

उत्तर प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपके ने स्पष्ट किया कि CJP किसी भी राजनीतिक दल के साथ खड़ी नहीं होगी। उन्होंने कहा, "हम यह नहीं कहेंगे कि किसे सरकार बनानी चाहिए और किसे नहीं। हम चाहते हैं कि राष्ट्रीय राजनीति में रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान दिया जाए।"

दीपके ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य चुनाव में किसी दल के पक्ष या विपक्ष में खड़ा होना नहीं, बल्कि राजनीति में युवाओं से जुड़े बुनियादी मुद्दों को प्राथमिकता दिलाना है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article