PM Modi in Maldives: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में शुक्रवार को मालदीव पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान पीएम मोदी का अलग स्वैग भी देखने को मिला। दरअसल, काला चश्मा लगाए हुए पीएम मोदी नजर आए और राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू से गले मिले।
पीएम मोदी की आगमानी राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री, वित्त मंत्री और गृह सुरक्षा मंत्री ने की। पीएम मोदी मालदीव के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर माले आए हैं। पीएम मोदी का स्वागत बच्चों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुति के साथ किया। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह राजकीय यात्रा किसी शासनाध्यक्ष की पहली राजकीय यात्रा भी है, जिसकी मेजबानी राष्ट्रपति मुइज्जू नवंबर 2023 में पदभार ग्रहण करने के बाद से कर रहे हैं।
पीएम मोदी ब्रिटेन की दो दिवसीय यात्रा से यहां पहुंचे हैं, जिसके दौरान दोनों देशों ने कार, वस्त्रों, व्हिस्की और कई अन्य उत्पादों पर शुल्क समाप्त करके द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए एक ऐतिहासिक व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। पीएम मोदी की मालदीव यात्रा को मुइज्जू के शासनकाल में दोनों देशों के बीच संबंधों में ठहराव आने के बाद एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देखा जा रहा है। पीएम मोदी 26 जुलाई को मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
वह राष्ट्रपति मुइज्जू के साथ व्यापक वार्ता भी करेंगे और द्वीपीय राष्ट्र में भारत की सहायता से चलने वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मोदी ने दोनों देशों की यात्रा पर रवाना होने से पहले कहा था कि इस वर्ष दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ भी है। उन्होंने कहा था, ‘‘मैं राष्ट्रपति मुइज्जू और अन्य राजनीतिक नेतृत्व के साथ अपनी बैठकों के लिए उत्सुक हूं, ताकि व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी के हमारे संयुक्त दृष्टिकोण को आगे बढ़ाया जा सके तथा हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, समृद्धि और स्थिरता के लिए हमारा सहयोग मजबूत हो।’’
