दुनिया

फिलीपींस में 350 से ज्यादा लोगों को ले जा रही नौका डूबी, अब तक कम से कम 15 लोगों की मौत

फिलीपींस कोस्ट गार्ड ने बताया कि जहाज में 332 यात्री और 27 क्रू मेंबर सवार थे, जब मौसम अच्छा होने के बावजूद उसमें तकनीकी खराबी आ गई और वह डूब गया। अधिकारियों ने बताया कि बचाव टीमों ने अब तक कम से कम 316 लोगों को बचा लिया है, जबकि लापता यात्रियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

phillipines

फिलीपींस में 350 से ज्यादा लोगों को ले जा रही नौका डूबी

Philippine Boat Accident: फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में एक द्वीप के पास आधी रात के घुप अंधेरे में 350 से ज्यादा लोगों को ले जा रही एक नौका डूब गई, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 300 से ज्यादा लोगों को बचा लिया गया। फिलीपींस के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, M/V ट्रिशा केर्स्टिन 3, जो एक इंटर-आइलैंड पैसेंजर और कार्गो फेरी थी, जाम्बोआंगा शहर से सुलु प्रांत के जोलो द्वीप जाते समय बासिलन प्रांत से लगभग एक नॉटिकल मील दूर डूब गई।

मौसम अच्छा था, तकनीकी खराबी आ गई

फिलीपींस कोस्ट गार्ड ने बताया कि जहाज में 332 यात्री और 27 क्रू मेंबर सवार थे, जब मौसम अच्छा होने के बावजूद उसमें तकनीकी खराबी आ गई और वह डूब गया। अधिकारियों ने बताया कि बचाव टीमों ने अब तक कम से कम 316 लोगों को बचा लिया है, जबकि लापता यात्रियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

बचाव अभियान जारी

कोस्ट गार्ड कमांडर रोमेल दुआ ने बताया कि फेरी पर सवार एक कोस्ट गार्ड सुरक्षा अधिकारी ने जहाज डूबने से पहले अधिकारियों को अलर्ट कर दिया था, जिससे तुरंत बचाव अभियान शुरू हो गया। एपी के हवाले से दुआ ने कहा, 'जहाज पर एक कोस्ट गार्ड सुरक्षा अधिकारी था और उसने सबसे पहले हमें फोन करके बचाव जहाजों को तैनात करने के लिए अलर्ट किया।' उन्होंने यह भी बताया कि अधिकारी बच गया।

एपी के अनुसार, बासिलन के पास खोज और बचाव अभियान में कोस्ट गार्ड और नौसेना के जहाज, एक निगरानी विमान, वायु सेना का एक ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर और स्थानीय मछली पकड़ने वाली नावें लगाई गईं।

शव बरामद, बचे हुए लोगों को किनारे लाया गया

बसिलन के गवर्नर मुजीव हाटामन ने कहा कि बचे हुए लोगों और शवों को प्रांतीय राजधानी इजाबेला सिटी लाया गया। हाटामन ने AP को बताया, 'मैं यहां घाट पर 37 लोगों को रिसीव कर रहा हूं। दुर्भाग्य से, दो लोग मर चुके हैं।' अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की कि कम से कम 15 शव बरामद किए गए हैं।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि कई बचे हुए लोगों को शुरू में बसिलन के बालुक-बालुक द्वीप गांव ले जाया गया, जो उस जगह के पास है जहां फेरी डूबी थी।

इमरजेंसी रेस्पॉन्डर रोनालिन पेरेज ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया कि उस समय तक कम से कम 138 लोगों को बचाया जा चुका था और चेतावनी दी कि स्थानीय मेडिकल सुविधाओं पर बहुत ज्यादा दबाव है। पेरेज ने कहा, 'यहां असली चुनौती आने वाले मरीजों की संख्या है। इस समय हमारे पास स्टाफ की कमी है।' अधिकारियों ने कहा कि जैसे-जैसे दिन भर ऑपरेशन जारी रहा, बचाए गए लोगों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई।

डूबने के कारण की जांच जारी

घटना का सटीक कारण तुरंत साफ नहीं हुआ था। दुआ ने कहा कि ओवरलोडिंग का कोई संकेत नहीं था और कोस्ट गार्ड ने जाम्बोआंगा बंदरगाह से रवाना होने से पहले फेरी को क्लियर कर दिया था। डूबने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं।

 Nitin Arora
Nitin Arora author

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदे... और देखें

End of Article