शरीफ ने फिर ट्रंप को किया खुश (AP)
Shehbaz Sharif Once Again Thanks Trump: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शनिवार को मई में भारत-पाकिस्तान विवाद सुलझाने के लिए एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का शुक्रिया अदा किया। भारत लगातार यह कहता रहा है कि भारत और पाकिस्तान चार दिनों तक चले गहन सीमा पार ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद 10 मई को संघर्ष समाप्त करने के लिए एक समझौते पर पहुंच गए थे और इस प्रक्रिया में कोई तीसरा पक्ष शामिल नहीं था।
शरीफ ने बाकू में अजरबैजान के विजय दिवस परेड को संबोधित करते हुए कहा, राष्ट्रपति ट्रंप के साहसिक और निर्णायक नेतृत्व के कारण ही पाकिस्तान और भारत के बीच युद्धविराम हुआ, दक्षिण एशिया में शांति बहाल हुई, एक बड़ा युद्ध टल गया और लाखों लोगों की जान बच गई। बता दें कि 10 मई को जब ट्रंप ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि वाशिंगटन की मध्यस्थता में हुई लंबी रात की बातचीत के बाद भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं, तब से उन्होंने कई बार यह दावा दोहराया है कि उन्होंने दोनों देशों के बीच तनाव को समाधान करने में मदद की।
भारत ने लगातार किसी भी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से इनकार किया है। पाकिस्तान ने कई मौकों पर ट्रंप की प्रशंसा की है और दावा किया है कि उन्होंने मई के संघर्ष के दौरान युद्धविराम की मध्यस्थता की थी। भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसके तहत 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले के प्रतिशोध में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ढांचों को निशाना बनाया गया था।
अपने संबोधन में शरीफ ने कश्मीर का भी जिक्र किया और कहा कि काराबाख में अजरबैजान की जीत उत्पीड़न के खिलाफ लड़ रहे सभी देशों के लिए आशा की किरण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान शांति चाहता है, लेकिन वह किसी को भी अपनी संप्रभुता को चुनौती देने या क्षेत्रीय अखंडता को कमज़ोर करने की इजाजत नहीं देगा। परेड में पाकिस्तान और तुर्की के सशस्त्र बलों की टुकड़ियां भी शामिल थीं, जिन्होंने अजरबैजानी सेना के साथ मार्च किया। समारोह में जेएफ-17 थंडर जेट विमानों का फ्लाईपास्ट भी शामिल था।