दुनिया

Pakistan: जेल में बंद इमरान खान नहीं लड़ेंगे पार्टी अध्यक्ष का चुनाव, बैरिस्टर गौहर खान को किया नामित

जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। इमरान ने अपने करीबी सहयोगी बैरिस्टर गौहर खान को अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए नामित किया है।

Image

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे

Photo : Times Now Digital

Pakistan: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) अपनी पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे और उन्होंने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (PTI) का नेतृत्व करने के लिए बैरिस्टर गौहर खान (Barrister Gauhar Khan) को नामित किया है। डॉन समाचार पत्र की एक खबर के अनुसार, बैरिस्टर अली जफर ने घोषणा की कि मौजूदा अध्यक्ष इमरान खान दो दिसंबर को होने वाला चुनाव नहीं लड़ेंगे और बैरिस्टर गौहर खान को पार्टी अध्यक्ष पद के लिए नामित किया गया है।

इससे पहले इमरान के पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। पार्टी के अंदर उस समय भ्रम की स्थिति पैदा हो गई जब उसने अपने ही एक वरिष्ठ नेता के बयान को खारिज कर दिया। पार्टी के वरिष्ठ नेता शेर अफजल मारवात ने दावा किया था कि जेल में बंद इमरान पार्टी के आंतरिक चुनावों में अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे।

पाकिस्तान चुनाव आयोग ने पार्टी को दिया 20 दिन का समय

बैरिस्टर गौहर खान ने कहा, "इमरान खान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष थे, हैं और रहेंगे... मैं उनके लौटने तक अपनी जिम्मेदारी निभाऊंगा।" पाकिस्तान में आठ फरवरी को आम चुनाव होने हैं। पाकिस्तानी निर्वाचन आयोग के अनुसार अगर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) अपना चुनाव चिन्ह बल्ला बरकरार रखना चाहती है तो उसे 20 दिन की समय सीमा के अंदर पार्टी के अंदर चुनाव कराना होगा।

इमरान खान के अपने पद से हटने की कोई योजना नहीं

जियो न्यूज की एक खबर के अनुसार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शेर अफजल मारवात ने मंगलवार को कहा कि बैरिस्टर गौहर खान पीटीआई के अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार होंगे। उससे पहले इमरान ने कानूनी बाधाओं के कारण अध्यक्ष पद पर नहीं रहने का कथित तौर पर फैसला किया। खान अभी रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। मारवात की घोषणा के बावजूद, पीटीआई ने दावा किया था कि इमरान खान के अपने पद से हटने की कोई योजना नहीं है। लेकिन, खैबर पख्तूनख्वा में पार्टी का नया चेहरा मारवात पार्टी के इनकार के बाद भी अपनी बात पर कायम रहे।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article