दुनिया

Pakistan: इमरान खान को बड़ा झटका, चुनाव आयोग ने खारिज किया पूर्व प्रधानमंत्री का नामांकन पत्र

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 30, 2023, 08:41 PM IST

Pakistan News: इमरान खान अप्रैल 2022 में संसदीय अविश्वास मत में अपदस्थ होने के बाद से राजनीतिक संकट के केंद्र में हैं। अयोग्य घोषित होने के बाद भी इमरान खान ने पाकिस्तान में होने वाले आम चुनावों के लिए नामांकन दाखिल किया था।

Image

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान

Photo : BCCL

Pakistan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री व तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान को शनिवार को बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने पुष्टि की है कि उसने इमरान खान के नामांकन पत्र को खारिज कर दिया है। बता दें, पाकिस्तान में 8 फरवरी, 2024 को आम चुनाव होने हैं। ऐसे में इमरान खान ने अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र मियांवाली से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।

जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में आगामी आम चुनाव लड़ने से अयोग्य ठहराए जाने के बावजूद, जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने शुक्रवार को नेशनल असेंबली के एनए-89 निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपना नामांकन पत्र जमा किया था। पूर्व प्रधानमंत्री की ओर से पीटीआई नेता उमर बोडला ने यह नामांकन दाखिल किया था।

अयोग्य घोषित किए गए थे इमरान खान

बता दें, इमरान खान अप्रैल 2022 में संसदीय अविश्वास मत में अपदस्थ होने के बाद से राजनीतिक संकट के केंद्र में हैं। क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान को प्रधानमंत्री के रूप में उनके 2018-22 के कार्यकाल के दौरान राज्य के उपहार बेचने का दोषी पाए जाने के बाद 5 अगस्त को तीन साल के लिए जेल भेज दिया गया था। इसके साथ ही उन्हें अयोग्य घोषित करते हुए पांच साल तक चुनाव लड़ने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। इमरान खान इस सजा को पलटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इस्लामाबाद हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन इसे खारिज कर दिया गया, जिसके बाद पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।

8 फरवरी को होना है आम चुनाव

पाकिस्तान में आम चुनाव 8 फरवरी, 2024 को होने हैं। इन चुनावों में कई दिग्गज हाथ आजमा रहे हैं। इसमें सबसे बड़ा चेहरा नवाज शरीफ का है, जो लंबे समय के बाद पाकिस्तान लौटे हैं। इसके अलावा उन्हें अदालत ने भी बरी कर दिया है। जियो न्यूज के मुताबिक, कई राजनेताओं ने संकेत दिया है कि एक गठबंधन देश पर शासन करेगा क्योंकि कोई भी एक नेता या पार्टी बहुमत बनाने की स्थिति में नहीं है। जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अपनी अयोग्यता के बावजूद इमरान खान पीटीआई के वोट बैंक के लिए एक महत्वपूर्ण कारण बने हुए हैं, जैसा कि तब स्पष्ट हुआ जब उनकी पार्टी ने समर्थकों का मनोबल बढ़ाने के लिए खान का एआई-जनरेटेड ऑडियो जारी किया।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article