दुनिया

Where is Imran Khan: इमरान खान पर आया अदियाला जेल प्रशासन का बयान; ख्वाजा आसिफ बोले- मिल रहा फाइव स्टार ट्रीटमेंट

इमरान खान को लेकर चल रही तमाम अटकलों के बीच अदियाला जेल के अधिकारियों ने बयान जारी किया है। इसमें तमाम दावों को खारिज करते हुए कहा गया है कि क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान पूरी तरह से स्वस्थ हैं।

Image

इमरान खान पर आया अदियाला जेल के अधिकारियों का बयान। फोटो- एएनआई।

Where is Imran Khan? भ्रष्टाचार के मामले में लंबे समय से रावलपिंडी के पास अदियाला जेल में सजा काट रहे पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को लेकर इस समय खूब हो हल्ला मचा हुआ है। जेल के अधिकारी उनकी बहनों और समर्थकों को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। जिससे नाराज उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के कार्यकर्ता खासे नाराज हैं, और जेल के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, मीडिया में भी इमरान के साथ कुछ 'गलत' होने की रिपोर्ट्स भी सामने आई हैं। इस बीच अदियाला जेल के अधिकारियों का बयान भी सामने आया है। उनका कहना है कि क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान पूरी तरह से स्वस्थ हैं। वहीं, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी कहा है कि इमरान को अदियाला जेल में काफी आरामदायक हालातों में रखा जा रहा है। ख्वाजा ने तो यहां तक दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री को फाइव स्टार होटल वाला ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। आइये जानते हैं इमरान खान को लेकर ताजा अपडेट क्या हैं...

इमरान खान को लेकर जेल प्रशासन ने क्या कहा?

अदियाला जेल प्रशासन ने बुधवार को इमरान खान को लेकर तमाम अफवाहों को खारिज किया। साथ ही इस बात की भी पुष्टि की कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान रावलपिंडी जेल के अंदर ही हैं और उनका स्वास्थ्य अच्छा है। जेल प्रशासन का यह स्पष्टीकरण इमरान के समर्थकों द्वारा पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान को लेकर चल रहे विरोध के बीच आया है। जेल प्रशासन ने इमरान खान को लेकर जारी एक बयान में कहा कि अदियाला जेल से इमरान खान के स्थानांतरण की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उन्हें पर्याप्त चिकित्सा सुविधा भी मिल रही है। बयान में मीडिया में चल रहे दावों को निराधार बताया गया।

'इमरान को फाइव स्टार ट्रीटमेंट मिल रहा'

वहीं, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया है कि जेल में इमरान खान को फाइव स्टार ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। उन्होंने पूर्व पीएम को वह खाना दिया जाता है, जो किसी फाइव-स्टार होटल में भी नहीं मिलता। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, ख्वाजा आसिफ ने कहा कि जेल में इमरान को टीवी, व्यायाम उपकरण, डबल बेड और मखमली गद्दा दिया गया है। उन्होंने पीटीआई नेताओं पर अफवाहों को बढ़ावा देने और स्थिति को बढ़ा-चढ़ाकर बताने के आरोप भी लगाए। अपनी कैद को याद करते हुए उन्होंने कहा कि हम जेल में ठंडे फर्श पर सोते थे, वहीं का खाना खाते थे। इतना ही नहीं जनवरी में जब भीषण ठंड होती थी तब हमारे पास केवल दो कंबल थे और गर्म पानी भी नहीं मिलता था।

इमरान समर्थक कर रहे उग्र विरोध

गौरतलब है कि इमरान खान के साथ 'कुछ गलत' होने की अटकलें तब लगनी शुरू हुईं जब हाल ही में अदियाला जेल के बाहर इमरान खान की तीन बहनों को उनसे मिलने नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, कथित तौर पर पुलिस द्वारा उनपर हमला भी किया गया। जिसके बाद से इमरान खान को लेकर तरह-तरह की बातें मीडिया रिपोर्ट्स में हो रही हैं। जिससे नाराज इमरान के समर्थक, अदियाला जेल के बाहर हजारों की संख्या में अपना विरोध जता रहे हैं। इमरान खान की बहनें नूरीन खान, अलीमा खान और उज्मा खान भी जेल के पास ही धरना दे रही हैं। उनकी जिद है कि उन्हें इमरान से मिलने दिया जाए, लेकिन जेल प्रशासन इससे इनकार कर रहा है।

वहीं, इमरान के वकील ने दावा किया है कि पूर्व पीएम को चोरी छिपे किसी दूसरी जेल में भेज दिया गया है। इतना ही नहीं आशंका यह भी जताई जा रही है कि जेल में ही इमरान खान को फांसी दे दी गई है। हालांकि इन खबरों की पुष्टि नहीं हो रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article