Pakistan Flash Flood: पाकिस्तान के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश ने जमकर उत्पाद मचाया। पिछले तीन दिनों में बारिश की अलग-अलग घटनाओं में 16 बच्चों सहित कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई, जबकि 46 अन्य घायल हो गए।
खैबर पख्तूनख्वा में 19 ने गंवाई जान
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भारी बारिश के कारण पिछले 48 घंटों में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गयी और छह अन्य घायल हो गए, जबकि पंजाब प्रांत में पिछले तीन दिनों में बच्चों सहित 15 लोगों की मौत हो गई और 40 घायल हो गए। खैबर पख्तूनख्वा के प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) के अनुसार, स्वात, ऐबटाबाद, चारसद्दा, मलकंद, शांगला, लोअर दीर और तोरघर जिलों में छह पुरुषों, पांच महिलाओं और आठ बच्चों की मौत हो गई।
56 घर हुए क्षतिग्रस्त
स्वात सबसे अधिक प्रभावित जिला रहा, जहां 13 लोगों की मौत हुई तथा छह घायल हुए। पीडीएमए अधिकारियों ने बताया कि घायलों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। वर्षाजनित घटनाओं में कुल 56 घर भी क्षतिग्रस्त हो गये।
विभाग ने कहा कि मानसून से पूर्व शुरू हुई इस बारिश का दौर फिलहाल एक जुलाई तक जारी रहेगा। प्रांत के अधिकतर जिलों में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। इसने कहा कि पंजाब में इस साल मानसून के दौरान 25 प्रतिशत तक अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है।
