दुनिया

'होर्मुज स्ट्रेट को जल्द खोलो': यूएन में भारत की दोटूक चेतावनी; नाविकों की सुरक्षा पर जताई चिंता

पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से सुरक्षित और निर्बाध समुद्री मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने का आग्रह किया है।

Image

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की प्रभारी राजदूत योजना पटेल

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध समुद्री आवागमन जल्द बहाल करने की मांग की है। भारत ने कहा कि इस अहम समुद्री मार्ग में किसी भी तरह की रुकावट का सीधा असर वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा आपूर्ति और मानवीय सहायता शृंखलाओं पर पड़ता है।

यूएन में समुद्री क्षेत्र में जलमार्गों की सुरक्षा और संरक्षण पर हुई बहस

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की प्रभारी राजदूत योजना पटेल ने ‘समुद्री क्षेत्र में जलमार्गों की सुरक्षा और संरक्षण’ विषय पर हुई खुली बहस में कहा कि भारत समुद्री सुरक्षा को वैश्विक शांति और आर्थिक समृद्धि के लिए बेहद जरूरी मानता है। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों को हाल में निशाना बनाया गया, जिससे निर्दोष नागरिक चालक दल के सदस्यों की जान खतरे में पड़ी। एक प्रमुख व्यापारिक राष्ट्र के रूप में भारत होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों को हाल ही में निशाना बनाए जाने और निर्दोष असैनिक चालक दल के सदस्यों के जीवन को खतरे में डालने की कड़ी निंदा करता है। ऐसे कृत्यों के परिणामस्वरूप भारतीय नाविकों के बहुमूल्य जीवन का दुखद नुकसान हुआ है और यह अस्वीकार्य है।

भारत ने दोहराया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से नौवहन और वैश्विक वाणिज्य की स्वतंत्रता का अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार पूरी तरह से सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही आग्रह किया कि होर्मुज मार्ग को जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से फिर से खोला जाए।

हम देते हैं सबसे ज्यादा समुद्री कर्मी

भारत ने यह भी याद दिलाया कि वह दुनिया के शीर्ष तीन देशों में शामिल है जो सबसे अधिक समुद्री कर्मी उपलब्ध कराते हैं, और वैश्विक समुद्री कार्यबल में भारत की हिस्सेदारी करीब 13 प्रतिशत है। भारत ने साफ कहा कि उसके नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में किसी भी प्रकार की बाधा पूरी दुनिया के लिए गंभीर संकट पैदा कर सकती है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article