New Delhi: इस्लामिक देशों के संगठन ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (Organisation of Islamic Cooperation) ने एक बार फिर भारत (India) के खिलाफ जहर उगला है। OIC ने अपने बयान में जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) को भारत का अवैध क्षेत्र तक बता दिया। OIC ने पाकिस्तान की भाषा बोलते हुए कहा है कि 27 अक्टूबर 2022 को जम्मू और कश्मीर पर भारत के कब्जे के 75 साल पूरे हो गए हैं। इस्लामिक देशों (Islamic Countries) के इस संगठन ने कहा कि वो जम्मू और कश्मीर के लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन करता है।
पाकिस्तान की भाषा
OIC ने कश्मीर से धारा 370 के खात्मे को भारत की एकतरफा कार्रवाई बताया। इस्लामिक संगठन ने अंतराष्ट्रीय समुदाय से यूएन सिक्योरिटी काउंसिल के प्रस्तावों के अनुसार कश्मीर मुद्दे को सुलझाने के लिए कोशिशें तेज करने की मांग की है। इस्लामिक देशों का संगठन भले ही कश्मीर पर पाकिस्तान वाला राग अलाप रहा हो मगर भारत का रुख साफ है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिर दोहराया है कि जल्द ही POK को भी भारत में शामिल कर लिया जाएगा। मतलब OIC को करारा जवाब फौरन दे दिया गया है।
इन मुद्दों पर चुप्पी
ओआईसी ने पाकिस्तान की भाषा बोलते हुए आरोप लगाया है कि जम्मू और कश्मीर पर भारत का अवैध कब्जा है। उसने कश्मीरी लोगों के मानवाधिकारों पर भी ज्ञान दिया है। वहीं, इस्लामी देशों का मसीहा चीन और ईरान में विरोध प्रदर्शनों पर चुप्पी साधे हुए है। सीरिया, ईराक, अफगानिस्तान और पाकिस्तान में अल्पसंख्यक मुस्लिमों पर यह संगठन चुप्पी साधे रहता है। इतना ही नहीं, ईरान में हिजाब के खिलाफ प्रदर्शनकारियों पर हिंसात्मक कार्रवाई पर भी ओआईसी मुंह सिले हुए बैठा है।
