दुनिया

'कोई मुझे ये न बताए कि क्या बेचना है', ट्रंप की नेतन्याहू को नसीहत, तुर्किये-US संभावित F-35 डील के खिलाफ हैं इजराइली PM

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब इजराइल के पीएम सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को वॉशिंगटन पहुंचे, जहां उनकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उच्चस्तरीय बैठक हुई। दोनों नेताओं की वार्ता में क्षेत्रीय सुरक्षा और ईरान से बढ़ते तनाव प्रमुख मुद्दे रहे।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

Photo : AP

Donald Trump News: अमेरिका-तुर्किये के बीच संभावित F-35 डील का इजराइल द्वारा विरोध किया जाना राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नागवरा गुजरा है। इसे लेकर उन्होंने इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को नसीहत दी है। ट्रंप ने कहा है कि 'अमेरिका को अपने हथियार किसे बेचना या किसे नहीं बेचना चाहिए, इसे किसी तीसरे देश को बताने की जरूरत नहीं है।' एयर फोर्स वन में मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने तुर्किये को एफ-35 बेचने पर नेतन्याहू की आशंकाओं की खारिज करते हुए कहा कि अंकारा उनका बहुत ही शानदार सहयोगी रहा है। ट्रंप ने कहा, 'कोई मुझे यह न बताए कि मुझे क्या बेचना चाहिए।'

वाशिंगटन में ट्रंप-नेतन्याहू के बीच हुई बैठक

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब इजराइल के पीएम सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को वॉशिंगटन पहुंचे, जहां उनकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उच्चस्तरीय बैठक हुई। दोनों नेताओं की वार्ता में क्षेत्रीय सुरक्षा और ईरान से बढ़ते तनाव प्रमुख मुद्दे रहे। इस महीने की शुरुआत में नेतन्याहू ने तुर्किये को अमेरिकी F-35 स्टील्थ लड़ाकू विमान बेचने की संभावित योजना का कड़ा विरोध किया था। उनका कहना था कि इससे मध्य पूर्व में शक्ति संतुलन बिगड़ जाएगा।

'मुस्लिम ब्रदरहुड की विचारधारा से प्रभावित है तुर्किये'

CNN को दिए एक इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से ट्रंप से आग्रह किया है कि वे तुर्किये को F-35 बेचने की मंजूरी न दें। यह तब हुआ जब ट्रंप ने संकेत दिया था कि वह अपने पहले कार्यकाल में लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने पर विचार कर रहे हैं। नेतन्याहू ने कहा, 'अमेरिका के सबसे उन्नत लड़ाकू विमान F-35 की बिक्री तुर्किये को अमेरिका का मित्र राष्ट्र नहीं बना देती।' तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 'अंकारा की सरकार मुस्लिम ब्रदरहुड की विचारधारा से प्रभावित है, जो अमेरिका से नफरत करती है।'

तुर्किये पर से US प्रतिबंध हटाए जाएंगे-ट्रंप

उन्होंने आगे कहा, 'एर्दोआन अमेरिका के आदर्श सहयोगी नहीं हैं। वह मेरे देश, दुनिया के एकमात्र यहूदी राष्ट्र, को नष्ट करने की धमकी देते हैं।' नेतन्याहू ने चेतावनी दी कि यदि तुर्किये को F-35 विमान दिए गए तो इसका असर पूरे क्षेत्र पर पड़ेगा और मध्य पूर्व का शक्ति संतुलन बिगड़ जाएगा। दूसरी ओर, ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन जल्द ही यह फैसला करेगा कि कांग्रेस के प्रतिबंध के बावजूद तुर्किये को F-35 बेचे जाएं या नहीं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि तुर्किये द्वारा रूस से S-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने के कारण लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंध हटाए जाएंगे।

कई देशों से ज्यादा वफादार रहा है तुर्किये

ट्रंप ने कहा, 'तुर्किये के साथ हमारे संबंध पहले से बेहतर हैं और कई मामलों में तुर्किये उन देशों से अधिक वफादार रहा है, जिनसे हमें वफादारी की उम्मीद थी।' उन्होंने F-35 को 'दुनिया का सबसे बेहतरीन लड़ाकू विमान' बताते हुए कहा कि इसकी बिक्री का प्रस्ताव 'निश्चित रूप से विचाराधीन है।' वहीं, तुर्किये के राष्ट्रपति ने संकेत दिया है कि अंकारा को विश्वास है कि वह जल्द ही अमेरिका से F-35 लड़ाकू विमान और तुर्किये के स्वदेशी KAAN लड़ाकू विमान के लिए अमेरिकी इंजन खरीदने का समझौता कर सकता है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article