Trump Penguin Trend: सोशल मीडिया पर आपने पेंगुइन वाली वीडियो तो शायद देखी ही होगी, जो काफी वायरल हो रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अचानक से पेंगुइन अपने साथियों से अलग होकर दूसरी राह पकड़ लेता है और वह अकेला पहाड़ों की तरफ चलता जाता है।
कई लोग इस वीडियो पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी खुद को इस ट्रेंड से जोड़ दिया। द व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रंप और पेंगुइन की साथ में एक AI फोटो शेयर की है। इसमें पेंगुइन ने अमेरिका का झंडा पकड़ा है। ट्रंप और पेंगुइन साथ में पहाड़ों में तरफ बढ़ रहे हैं, जहां ग्रीनलैंड का झंडा लगा है। इस तस्वीर में पेंगुइन ने अमेरिकी झंडा पकड़ा हुआ है, जबकि पहाड़ों पर ग्रीनलैंड का झंडा दिख रहा है, साथ में कैप्शन है, 'पेंगुइन को अपनाओ'।
ग्रीनलैंड को हासिल करना चाहते हैं ट्रंप
बता दें कि ट्रंप कई महीनों से सार्वजनिक रूप से ग्रीनलैंड को अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताते आ रहे हैं। उन्होंने पहले डेनमार्क को चेतावनी दी थी , जो ग्रीनलैंड का प्रशासक है , कि यदि समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका सैन्य बल का प्रयोग करके इस क्षेत्र पर नियंत्रण कर सकता है।
इन टिप्पणियों के बाद डेनमार्क और कई यूरोपीय सहयोगी देशों ने ग्रीनलैंड में सेना तैनात कर दी , जिससे संबंध और तनावपूर्ण हो गए। स्थिति तब और बिगड़ गई जब ट्रंप ने सात यूरोपीय संघ देशों और यूनाइटेड किंगडम पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की और इस कदम को सीधे ग्रीनलैंड विवाद से जोड़ दिया।
बाद में टैरिफ वापस ले लिए गए। ट्रंप ने स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच के दौरान मार्क रुट्टे के साथ हुई हालिया बैठक के बाद टैरिफ रद्द करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रीनलैंड समझौते का एक ढांचा जल्द ही जारी किया जाएगा, जिससे यूरोप और अमेरिका दोनों को लाभ होगा।
क्यों हो रहा ये वीडियो वायरल?
पेंगुइन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा वर्नर हर्जोग की 2007 की डॉक्यूमेंट्री 'एनकाउंटर्स एट द एंड ऑफ द वर्ल्ड' की वजह से हो रही है। इस डॉक्यूमेंट्री की क्लिप में एक अकेला एडेलि पेंगुइन अपनी कॉलोनी से अलग होकर अंटार्कटिक की ओर भटकता हुआ दिखाई देता है।
इस क्लिप में बताया जा रहा है कि पेंगुइन अपनी कॉलोनी का साथ छोड़कर पहाड़ों की तरफ अकेले ही निकल गया है। पेंगुइन जिस दिशा में जा रहा है, वहां करीब 70 किलोमीटर दूर केवल पहाड़ हैं। पेंगुइन अपने साथियों को छोड़कर अकेला सबकुछ छोड़कर चला जाता है।
