अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। तस्वीर-AP
Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। ट्रंप ने उन्हें 'महान व्यक्ति' और अपना 'दोस्त' बताया है। ट्रंप ने संकेत दिया है कि दोनों देशों के बीच व्यापार संबंधों को मजबूती देने के लिए जारी प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए वह अगले साल भारत की यात्रा पर आ सकते हैं। व्हाइट हाउस में पत्रकारों के साथ बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी अच्छी बातचीत हो रही है।
ट्रंप ने कहा, 'वह (पीएम मोदी) रूस से अब ज्यादा तेल नहीं खरीद रहे हैं। वह हमारे मित्र हैं और हम बातचीत करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महान व्यक्ति हैं। वह चाहते हैं कि मैं भारत आऊं। वहां जाने के बारे में हम सोचेंगे।' पत्रकारों द्वारा सीधे यह पूछे जाने पर कि क्या वह अगले साल भारत जाने के बारे में सोच रहे हैं..इस पर ट्रंप ने जवाब दिया कि 'हां, हो सकता है।' ट्रंप ने गुरुवार को भी पीएम मोदी की तारीफ की और भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने का श्रेय लिया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने दुनिया भर में करीब आठ युद्ध रुकवाए हैं।
बीते अगस्त में न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब इस साल के अंत में होने वाले आगामी क्वाड शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने का इरादा नहीं रखते हैं। यह निर्णय वाशिंगटन द्वारा भारी टैरिफ (शुल्क) लगाने के बाद लिया गया। इसके बाद अब ट्रंप ने खुद भारत आने के संकेत दिए हैं। राष्ट्रपति के कार्यक्रम से परिचित सूत्रों का हवाला देते हुए रिपोर्ट, जिसका शीर्षक था 'द नोबेल प्राइज एंड अ टेस्टि फोन कॉल: हाउ द ट्रंप-मोदी रिलेशनशिप अनरैवेल्ड', में बताया गया कि हालांकि ट्रंप ने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आश्वासन दिया था कि वे शरद ऋतु में होने वाले शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, लेकिन अब इस योजना को रद्द कर दिया गया है।
ट्रंप ने ये टिप्पणियां व्हाइट हाउस की एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कीं, जहां अधिकारियों ने अमेरिका में लोकप्रिय वजन घटाने वाली दवाओं की कीमत कम करने के उद्देश्य से एक नई पहल की घोषणा की। घोषणा के दौरान एक कंपनी प्रतिनिधि के बेहोश हो जाने के कारण कार्यक्रम को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा, 'मोस्ट फेवर्ड नेशन ओवल ऑफिस घोषणा के दौरान एक कंपनी के प्रतिनिधि बेहोश हो गए। व्हाइट हाउस मेडिकल यूनिट ने तुरंत कार्रवाई की और वह व्यक्ति अब ठीक है। प्रेस कॉन्फ्रेंस जल्द ही फिर शुरू होगी।'
ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ताएं जारी हैं। यह वार्ताएं वाशिंगटन द्वारा 50 प्रतिशत टैरिफ, जिसमें 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी शामिल है, लगाए जाने के बाद हो रही हैं। यह कदम भारत द्वारा रूसी तेल की लगातार खरीदारी के जवाब में उठाया गया है।