दुनिया

होश में आइए और अपने पड़ोसियों से समझदारी से पेश आइए- UAE का ईरान को कड़ा संदेश

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच यूएई ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी संप्रभुता, नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा।

Image

ईरान का UAE पर हमला (फोटो- AP)

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने ईरान को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि वह “होश में आए” और अपने पड़ोसी देशों के साथ तर्क व जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करे, इससे पहले कि अलगाव और टकराव का दायरा और बढ़ जाए। यूएई के राष्ट्रपति के वरिष्ठ कूटनीतिक सलाहकार अनवर गरगाश ने कहा कि खाड़ी देशों के खिलाफ ईरान का हमला अपने लक्ष्य से चूक गया और इस संवेदनशील समय में तेहरान को और अलग-थलग कर गया है।

ईरान को दी चेतावनी

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आपकी जंग आपके पड़ोसियों से नहीं है। इस तरह की बढ़ती आक्रामकता से आप उसी नैरेटिव को मजबूत करते हैं जो ईरान को क्षेत्र में अस्थिरता का मुख्य स्रोत और उसकी मिसाइल नीति को स्थायी खतरा मानता है। होश में आइए और अपने पड़ोसियों से जिम्मेदारी और समझदारी से पेश आइए।”

UAE की ओर कितनी मिसाइलें दागीं गईं

तनाव के बीच यूएई ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने देश की सीमा में दागी गई ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया। संयुक्त अरब अमीरात रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हमले की शुरुआत से अब तक कुल 137 बैलिस्टिक मिसाइलें और 209 ड्रोन यूएई की ओर दागे गए। इनमें से 132 मिसाइलें नष्ट कर दी गईं, जबकि 5 समुद्र में गिरीं। वहीं 209 ड्रोन में से 195 को इंटरसेप्ट किया गया और 14 ड्रोन देश के विभिन्न हिस्सों और जलक्षेत्र में गिरे, जिससे मामूली नुकसान हुआ।

दो लोग घायल

दुबई सरकार मीडिया कार्यालय ने बताया कि वायु रक्षा द्वारा मार गिराए गए ड्रोन का मलबा दुबई में दो मकानों के आंगन में गिरा, जिससे दो लोग घायल हो गए। घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता दे दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अमीरात में सुनाई देने वाली तेज आवाजें इंटरसेप्शन ऑपरेशन का परिणाम थीं।

'एक खतरनाक उकसावे वाली कार्रवाई'

रक्षा मंत्रालय ने इस हमले को राष्ट्रीय संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन बताया। मंत्रालय ने कहा कि यह एक खतरनाक उकसावे वाली कार्रवाई है, जो क्षेत्र की स्थिरता और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालती है। मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से जानकारी लें और अफवाहों से बचें। साथ ही यह भी कहा कि देश की सुरक्षा एजेंसियां उच्च सतर्कता पर हैं और किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। शनिवार को भी अनवर ने कहा था कि यूएई ने युद्ध टालने के लिए हरसंभव प्रयास किए और क्षेत्र में इसके खतरों को लेकर आगाह किया। उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता यूएई है, उसकी स्थिरता, सुरक्षा और यहां रहने वाले सभी लोगों की सलामती। हमारी आंतरिक प्रणालियां पूरी तैयारी और दक्षता के साथ काम कर रही हैं।”

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article