दुनिया

रूस ने कीव पर आसमान से बरपाया कहर, चारों ओर मची चीख-पुकार; 11 लोगों की मौत, 124 अन्य घायल

Russia-Ukraine War: रूस ने यूक्रेन की राजधानी पर रातभर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया जिसमें छह साल के एक बच्चे समेत कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 124 अन्य घायल हो गए। कीव शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख टी. तकाचेंको ने बताया कि घायलों में दस बच्चे शामिल हैं, जिनमें पांच महीने की एक बच्ची भी है।

Image

रूस ने कीव में बरपाया कहर

Photo : AP

Russia-Ukraine War: रूस ने यूक्रेन की राजधानी पर रातभर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया जिसमें छह साल के एक बच्चे समेत कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 124 अन्य घायल हो गए। कीव शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख टी. तकाचेंको ने बताया कि घायलों में दस बच्चे शामिल हैं, जिनमें पांच महीने की एक बच्ची भी है।

उन्होंने बताया कि इस हमले से नौ मंजिला आवासीय इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। बचाव दल घटनास्थल पर मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। क्षतिग्रस्त इमारत में रहने वाली 35 वर्षीय याना झाबोरोवा की नींद तेज धमाकों की आवाज से खुली।

क्या है पूरा मामला?

यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने रातभर ड्रोन और मिसाइल से हमला किया, लेकिन यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली ने 288 ड्रोन और तीन मिसाइल को रोककर उन्हें निष्क्रिय कर दिया। डोनेट्स्क क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख वादिम फिलाश्किन ने कहा कि रूसी सैनिकों ने पूर्वी यूक्रेनी शहर क्रामाटोर्स्क में पांच मंजिला एक इमारत पर भी हमला किया। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा कम से कम 11 अन्य घायल हो गए।

इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने रात में 32 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया। स्थानीय गवर्नर ओलेग मेल्निचेंको ने कहा कि रूस के पेन्जा क्षेत्र में एक औद्योगिक स्थल पर ड्रोन हमले से आग लग गई। रूस के रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा कि उसकी सेनाओं ने यूक्रेन के पूर्वी डोनेट्स्क क्षेत्र में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर चासिव यार पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया है।

रूसी और यूक्रेनी सैनिकों के बीच चासिव यार पर नियंत्रण के लिए लगभग 18 महीने से लड़ाई जारी है। यूक्रेनी सेना के प्रवक्ता विक्टर त्रेहुबोव ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि रूस का दावा झूठा है। उन्होंने कहा कि यह महज एक मनगढ़ंत कहानी है, स्थिति में कोई बदलाव भी नहीं आया है।

यूक्रेन के आर्मी जनरल स्टॉफ की गुरुवार की एक रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले 24 घंटों में चासिव यार में सात झड़पें हुईं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर लिखा कि हमले में कीव, द्निप्रो, पोल्तावा, सुमी, मायकोलाइव क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। जेलेंस्की ने कहा, ‘‘आज, दुनिया ने एक बार फिर अमेरिका और यूरोप के साथ शांति की हमारी इच्छा का रूस की ओर से जवाब देखा।’’

तकाचेंको ने बताया कि कीव में कम से कम 27 स्थानों पर हमला हुआ, जिसमें सबसे अधिक नुकसान सोलोमिंस्क्यी और स्वियातोशिनस्क्यी जिलों में हुआ। उन्होंने बताया कि कीव में 100 से अधिक इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिनमें घर, स्कूल, चिकित्सा प्रतिष्ठान और विश्वविद्यालय शामिल हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article