दुनिया

अब महीने में दो बार मिलेगी सरकारी कर्मियों को तनख्वाह; नेपाल में निजाम बदलते ही बदलने लगे नियम

नेपाल में बालेन शाह बालेन की नई सरकार आते ही कई बड़े बदलाव देखे जा रहे हैं। इस बीच उनकी सरकार ने एक ऐसा फैसला लिया है जो पूरी दुनिया के लिए ही अनोखा है। वे अब देश के सरकारी कर्मियों को महीने में दो बार तनख्वाह देने की तैयारी कर रहे हैं।

Image

वेतन

नेपाल में निजाम बदलते ही नियम भी बदल गए हैं। यहां अब सरकारी कर्मचारियों को हर 15 दिनों में सैलरी मिलेगी। जिससे महीने में एक बार वेतन मिलने की पुरानी परंपरा टूट जाएगी। बीते 17 अप्रैल को वित्त मंत्री स्तर पर ये फैसला लिया गया था। इसके मुताबिक, सरकारी कर्मचारियों को अब पखवाड़े में (महीने में दो बार)वेतन दिया जाएगा। इस फैसले को लागू करने के लिए संबंधित सरकारी दफ्तरों के नाम पर एक सर्कुलर भी जारी कर दिया गया है।

नेपाल सरकार के अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला अर्थव्यवस्था को थोड़ा गति देने के लिए लिया गया है। उनका मानना है कि अगर कर्मचारियों के हाथ में ज्यादा बार पैसा आएगा, तो खर्च भी बढ़ेगा और इससे बाजार में पैसों का प्रवाह बना रहेगा। अभी यह साफ नहीं है कि इस फैसले को कब से लागू किया जाएगा।

कानून में बदलाव की होगी जरूरत

फाइनेंशियल कंट्रोलर जनरल ऑफिस (एफसीजीओ) के प्रवक्ता दीपक लामिछाने ने कहा कि तकनीकी तौर पर हमारे लिए इसे लागू करने में कोई दिक्कत नहीं है। हम सिविल सर्विस,नेपाल आर्मी, पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और बाकी सरकारी कर्मचारियों को कभी भी सैलरी जारी कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि इसे लागू करने के लिए कानून में बदलाव की जरूरत पड़ सकती है क्योंकि नेपाल के सिविल सर्विस एक्ट में सैलरी हर महीने देने का प्रावधान है।

क्या कहता है नेपाल का कानून

कानून की धारा 28 के अनुसार, हर सरकारी कर्मचारी को हर महीने के अंत में वेतन और भत्ते दिए जाते हैं।लामिछाने ने कहा कि शायद इस फैसले को जल्दी लागू करने के लिए कोई रास्ता निकाला जा सकता है। फिलहाल संसद सत्र नहीं चल रहा है, इसलिए सरकार अध्यादेश लाकर इस फैसले को तुरंत लागू कर सकती है। उन्होंने आगे कहा क‍ि हम इस फैसले को लागू करने के तरीके पर चर्चा कर रहे हैं।

दुनियाभर के ज्यादातर देशों में एक ही बार मिलती है तनख्वाह

दुनिया के ज्यादातर देशों में ऐसा सिस्टम नहीं है। सरकारी कर्मचारियों को आमतौर पर महीने में एक बार ही सैलरी मिलती है। दक्षिण एशिया, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका और मालदीव जैसे देशों में यही व्यवस्था है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article