दुनिया

Gandhi Statue Vandalised: लंदन में महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़ी गई, भारतीय दूतावास ने हिंसक कृत्य की कड़ी निंदा की

भारतीय मिशन ने बताया कि स्थानीय अधिकारियों को इस घटना की सूचना दे दी गई है जबकि उच्चायोग के अधिकारी स्मारक को ठीक कराने के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं। लंदन के 'टैविस्टॉक स्क्वायर' पर स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ हुई है।

Image

लंदन में महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़ी गई। Photo-ANI

Mahatma Gandhi Statue Vandalised: भारतीय उच्चायोग ने सोमवार को लंदन के 'टैविस्टॉक स्क्वायर' पर स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ हुई तोड़फोड़ की घटना की कड़ी निंदा की। यह घटना दो अक्टूबर को होने वाले वार्षिक गांधी जयंती समारोह से कुछ दिन पहले हुई। इस प्रतिष्ठित प्रतिमा के चबूतरे पर कुछ विचलित करने वाले भित्तिचित्र पाए गए। इस प्रतिमा में राष्ट्रपिता को ध्यानमग्न मुद्रा में दिखाया गया है।

स्थानीय अधिकारियों से की शिकायत

भारतीय मिशन ने बताया कि स्थानीय अधिकारियों को इस घटना की सूचना दे दी गई है जबकि उच्चायोग के अधिकारी स्मारक को ठीक कराने के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं। लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, 'लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग 'टैविस्टॉक स्क्वायर' पर स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा को तोड़े जाने की घटना से बेहद दुखी है और इसकी कड़ी निंदा करता है।'

अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस से पहले ऐसी घटना

मिशन ने कहा, 'यह सिर्फ तोड़फोड़ की घटना नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस से तीन दिन पहले अहिंसा के विचार और महात्मा गांधी की विरासत पर एक हिंसक हमला है। हमने तत्काल कार्रवाई के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है और हमारी टीम पहले से ही घटनास्थल पर मौजूद है तथा प्रतिमा को ठीक करने के लिए अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।'

गांधी जयंती अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में नामित

संयुक्त राष्ट्र ने गांधी जयंती को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में नामित किया हुआ है और हर वर्ष दो अक्टूबर को लंदन स्थित स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की जाती है और गांधीजी के पसंदीदा भजन गाये जाते हैं।

मामले की जांच जारी

इंडिया लीग के सहयोग से निर्मित इस कांस्य प्रतिमा का अनावरण 1968 में किया गया था। ये प्रतिमा महात्मा गांधी के उन दिनों को याद करते हुए स्थापित की गई थी, जब वे पास के यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन में कानून के छात्र थे। चबूतरे पर शिलालेख में लिखा है, 'महात्मा गांधी, 1869-1948'। मेट्रोपॉलिटन पुलिस और स्थानीय कैमडेन काउंसिल के अधिकारियों ने बताया कि वे मामले की जांच कर रहे हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article