Sheikh Yusuf Afridi: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में लश्कर-ए-तैयबा (LeT commander killed) से जुड़े एक बड़े कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना 26 अप्रैल 2026 को लांडी कोटाल इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने उसे अचानक निशाना बनाया और कई गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक किसी भी संगठन ने इस हत्या की जिम्मेदारी नहीं ली है।
पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों पहले भी हो चुकी इस तरह की घटनाएं
शेख यूसुफ अफरीदी को जखा खेल कबीले से जुड़ा बताया जाता था। वह लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय था और उसे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े नेटवर्क से भी जोड़ा जाता था। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि उसके संबंध अन्य कट्टरपंथी संगठनों से भी रहे हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस तरह की घटनाएं पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में पहले भी होती रही हैं, जहां अलग-अलग गुटों के बीच तनाव और आपसी संघर्ष की स्थिति बनी रहती है।
क्षेत्र में बढ़ा डर और असुरक्षा का माहौल
हाल की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां इसे आतंरिक टकराव और लक्षित हमलों की कड़ी का हिस्सा मानकर जांच कर रही हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस घटना के बाद क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल बढ़ गया है। लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा बल पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
