दुनिया

Iran US Conflict: ईरान ने किया कुवैत-बहरीन पर मिसाइल-ड्रोन हमला, तो अमेरिका ने केशम द्वीप पर की एयर स्ट्राइक

ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने बहरीन के शेख ईसा एयर बेस (Sheikh Isa Air Base) पर मौजूद अमेरिकी सैन्य रडार सिस्टम को अपने विनाशकारी कॉम्बैट ड्रोन्स से निशाना बनाया।

Image

ईरान ने कुवैत-बहरीन को बनाया निशाना (File photo)

Photo : AP

Iran US War: मध्य पूर्व (Middle East) में अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर सीधा सैन्य टकराव तेज हो गया है। ताजा घटनाक्रम में अमेरिका और ईरान ने एक-दूसरे के ठिकानों पर ताबड़तोड़ हवाई हमले किए हैं, जिसके बाद खाड़ी के देश विशेष तौर पर कुवैत और बहरीन हाई अलर्ट पर आ गए हैं। फारस की खाड़ी के सामरिक समुद्री रास्तों और एयरस्पेस में तनाव चरम पर पहुंच गया है। जहां ईरान ने कुवैत और बहरीन को निशाना बनया, वहीं अमेरिका ने ईरान के केशम द्वीप पर एयर स्ट्राइक की है।

ईरान के केशम द्वीप पर अमेरिका की एयर स्ट्राइक

अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में स्थित ईरान के रणनीतिक केशम द्वीप (Qeshm Island) पर स्थित इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के एक मिसाइल लॉन्च साइट पर सटीक हमले किए हैं। पेंटागन और अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा के तहत की गई है, क्योंकि इससे कुछ घंटे पहले ईरान ने बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया था। ईरानी प्रशासन के मुताबिक, इन हमलों से हालांकि किसी रिहायशी या व्यावसायिक इलाके को बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात पैदा हो गए हैं।

बहरीन में अमेरिकी रडार पर हमला

ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने बहरीन के शेख ईसा एयर बेस (Sheikh Isa Air Base) पर मौजूद अमेरिकी सैन्य रडार सिस्टम को अपने विनाशकारी कॉम्बैट ड्रोन्स से निशाना बनाया। बहरीन रक्षा बल (BDF) ने कहा कि उसने देश की ओर आ रहे कई ईरानी हवाई हमलों को अपने एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से हवा में ही नाकाम कर दिया। बहरीन के गृह मंत्रालय ने नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी कर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की थी।

कुवैत पर ड्रोन हमले

कुवैत की सेना ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया है कि देश का एयर डिफेंस सिस्टम लगातार शत्रुतापूर्ण ड्रोन हमलों को रोकने में जुटा हुआ है। ईरानी मीडिया के अनुसार, ईरान की सेना ने कुवैत के अली अल-सलेम एयरबेस (Ali al-Salem Airbase) पर अमेरिकी पैट्रियट डिफेंस सिस्टम और मिसाइल इंस्टॉलेशन को निशाना बनाते हुए ड्रोन दागे हैं। कुवैत प्रशासन ने नागरिकों से सुरक्षा और संरक्षा के सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।

खाड़ी सहयोग परिषद ने की कड़ी निंदा

खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के महासचिव जसीम मोहम्मद अल-बुदैवी ने बहरीन पर हुए लगातार हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि बहरीन की सुरक्षा पर किया गया कोई भी हमला पूरे खाड़ी देशों की सुरक्षा पर हमला है। बता दें कि इस क्षेत्रीय तनाव के कारण खाड़ी देशों में उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई एयरलाइंस ने सऊदी अरब और आसपास के क्षेत्रों के लिए अपनी उड़ानों को रद्द या डायवर्ट कर दिया है, जिससे वैश्विक स्तर पर चिंताएं और बढ़ गई हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article