अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत शीर्ष अमेरिकी नेताओं की हत्या की साजिश रचने के मामले में एक पाकिस्तानी नागरिक को अमेरिका की संघीय अदालत ने कड़ी सजा सुनाई है। ब्रुकलिन की एक अदालत ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के इशारे पर काम करने वाले 48 वर्षीय पाकिस्तानी एजेंट आसिफ मर्चेंट (Asif Merchant) को 330 महीने यानी 27 साल और 6 महीने जेल की सजा सुनाई है। अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मर्चेंट को मार्च 2026 में अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद फैलाने और सुपारी देकर हत्या करने की कोशिश का दोषी ठहराया गया था।
क्या था पूरा मामला और कोर्ट का सख्त संदेश?
अमेरिकी जिला जज एरिक आर. कोमिटी ने आसिफ मर्चेंट को यह सजा सुनाई। अभियोजन पक्ष के अनुसार, मर्चेंट ईरानी सरकार के आतंकी संगठन IRGC का एक प्रशिक्षित ऑपरेटिव था, जिसे खास तौर पर अमेरिकी धरती पर शीर्ष नेताओं की हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए भेजा गया था। सजा के ऐलान के बाद अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच (Todd Blanche) ने सख्त संदेश देते हुए कहा- "राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ हत्या की कोशिश का समन्वय करने के लिए अमेरिका आए एक ईरानी एजेंट को उसके आपराधिक कृत्य की उचित सजा मिली है। न्याय विभाग हमारे नेताओं के खिलाफ विदेशी आतंकी साजिशों को बर्दाश्त नहीं करेगा और जब तक दोषियों को जवाबदेह नहीं ठहराया जाता, तब तक चुप नहीं बैठेगा।"
कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने के लिए रची साजिश
अमेरिकी न्याय विभाग के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रभाग के कार्यवाहक प्रमुख उप सहायक अटॉर्नी जनरल एम. स्कॉट प्रॉक्टर ने खुलासा किया कि यह पूरी साजिश जनवरी 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए पूर्व IRGC कमांडर कासिम सुलेमानी (Qasem Soleimani) की मौत का बदला लेने के लिए रची गई थी। मर्चेंट ने अपनी गवाही में स्वीकार किया कि उसका मानना था कि इस साजिश का मुख्य और अंतिम लक्ष्य डोनाल्ड ट्रंप ही थे। हालांकि, संभावित निशानों में तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र की पूर्व राजदूत निक्की हेली के नाम भी शामिल थे (ये सभी उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे)। IRGC ने मर्चेंट को निर्देश दिया था कि वह अमेरिका जाकर किसी राजनीतिक रैली के दौरान हत्या को अंजाम देने के लिए स्थानीय अपराधियों या माफिया के सदस्यों को पैसे देकर तैयार करे।
FBI के जाल में कैसे फंसा मर्चेंट?
अदालत में पेश किए गए सबूतों और जांच रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरी साजिश की कड़ियां बेहद चौंकाने वाली हैं। साल 2022 के आसपास आसिफ मर्चेंट धार्मिक यात्राओं के बहाने ईरान जाने लगा। वहीं एक रिश्तेदार के जरिए उसकी मुलाकात IRGC के हैंडलर यूसुफ मेहरदाद (Yousef Merhardad) से हुई, जिसके बाद वह स्वेच्छा से IRGC में शामिल हो गया। 2023 से शुरू होकर करीब डेढ़ साल के दौरान मर्चेंट ने ईरान की राजधानी तेहरान में अपने हैंडलर से लगभग 15 बार मुलाकात की। इस दौरान उसे काउंटर-इंटेलिजेंस (खुफिया एजेंसियों से बचने) की ट्रेनिंग दी गई।
अमेरिका में एंट्री और मुखबिर ने खोली पोल
अप्रैल 2024 में ईरान में एक हफ्ता बिताने के तुरंत बाद मर्चेंट इस योजना को अंजाम देने अमेरिका पहुंचा। यहां उसने हत्या की योजना में मदद के लिए एक परिचित से संपर्क किया, लेकिन उस परिचित ने देशभक्ति दिखाते हुए एफबीआई (FBI) को इसकी सूचना दे दी और वह एजेंसी का मुखबिर बन गया। ट्रायल के दौरान एक वीडियो रिकॉर्डिंग भी पेश की गई, जिसमें मर्चेंट मुखबिर को एक राजनीतिक रैली में नेता की हत्या का पूरा नक्शा समझाता दिख रहा था।
अंडरकवर FBI एजेंटों को दिए 5,000 डॉलर
मर्चेंट ने जिन लोगों को सुपारी किलर समझकर संपर्क किया, वे असल में एफबीआई के अंडरकवर एजेंट थे। उसने उनसे तीन बार मुलाकात की और विदेशी आकाओं के लिए एक नेता की हत्या करने की बात कही। उसने विदेश में बैठे अपने रिश्तेदारों की मदद से जुटाए गए 5,000 अमेरिकी डॉलर एडवांस पेमेंट के तौर पर उन एजेंटों को दिए। जांच एजेंसियों ने मर्चेंट को 12 जुलाई को टेक्सास के रिचमंड से उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह अमेरिका छोड़कर भागने के लिए एयरपोर्ट निकलने ही वाला था।
लैपटॉप और फोन से मिले अहम डिजिटल सबूत
गिरफ्तारी के बाद मर्चेंट के लैपटॉप, मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच में कई पुख्ता सबूत मिले। उसके डिवाइसेस में 2024 के राष्ट्रपति चुनाव और डोनाल्ड ट्रंप की चुनावी रैलियों से जुड़ी इंटरनेट सर्च हिस्ट्री मिली, जिसमें न्यू जर्सी में होने वाली ट्रंप की रैली की लोकेशन के लिए किया गया गूगल मैप्स सर्च भी शामिल था। इसके अलावा, उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कासिम सुलेमानी की तारीफ करने वाले और ट्रंप व अमेरिका को निशाना बनाने वाले कई पोस्ट भी पाए गए। पूर्वी न्यूयॉर्क जिले के अमेरिकी अटॉर्नी जोसेफ नोसेला जूनियर ने कहा कि यह लंबी सजा सुनिश्चित करेगी कि मर्चेंट भविष्य में कभी भी अमेरिका के खिलाफ किसी हमले की योजना न बना सके। (एएनआई)
