दुनिया

'समुद्र में नाविकों पर हमले बर्दाश्त नहीं', UNGA में जयशंकर ने दुनिया को बताया PM मोदी का बड़ा प्लान

Jaishankar UNGA Speech: न्यूयोर्क में UNGA के 81वें सत्र के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने समुद्री व्यापार और नाविकों की सुरक्षा पर गंभीर चिंता जताई। भारत और लाइबेरिया ने मिलकर ‘ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स’ पहल की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य नाविकों की सुरक्षा के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाना है।

Image

विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र से की सख्त कार्रवाई की मांग

Photo : ANI

Jaishankar UNGA Speech: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र में हिस्सा ले रहे भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अंतर्राष्ट्रीय समुद्री व्यापार और नाविकों की सुरक्षा पर गहरा संकट जताते हुए कड़ा रुख अपनाया है। न्यूयोर्क में 'ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स ऑन सेफ्टी एंड सिक्योरिटी ऑफ शिपिंग एंड सीफारेर्स' की उद्घाटन बैठक को संबोधित करते हुए जयशंकर ने साफ कहा कि व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाना और निर्दोष नाविकों की जान लेना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

विदेश मंत्री ने याद दिलाया कि दुनिया का 80 प्रतिशत से भी अधिक व्यापार समुद्री रास्तों से ही होता है। ऐसे में समुद्री रास्तों पर बढ़ता तनाव और जहाजों पर होते हमले पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और सप्लाई चेन के लिए बेहद खतरनाक हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक मर्चेंट फ्लीट को चलाने वाले करीब 20 लाख नाविक लगातार भयानक मानसिक तनाव, हमलों के खतरे, महीनों तक जहाजों पर फंसे रहने और घर लौटने में हो रही देरी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

जयशंकर ने पीएम मोदी के 'सीफारर इमरजेंसी असिस्टेंस नेटवर्क’ का किया जिक्र

हाल के दिनों में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों और भारतीय नागरिकों की मौतों पर दुख व्यक्त करते हुए जयशंकर ने कहा कि अब समय आ गया है जब अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को एकजुट होकर कड़े कदम उठाने होंगे। उन्होंने इस संकट से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित ‘सीफारर इमरजेंसी असिस्टेंस नेटवर्क’ (Seafarer Emergency Assistance Network) का जिक्र किया। यह नेटवर्क आपात स्थिति में नाविकों को त्वरित चिकित्सीय सहायता, परिजनों से संपर्क और सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने में मदद करेगा।

'ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स ऑन शिपिंग एंड सीफारेर्स सेफ्टी' का गठन

इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए भारत और अफ्रीका के देश लाइबेरिया ने मिलकर ‘ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स ऑन शिपिंग एंड सीफारेर्स सेफ्टी’ का गठन किया है। लाइबेरिया की विदेश मंत्री सारा बेसलो न्यांती के साथ संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान जयशंकर ने उम्मीद जताई कि यह समूह दुनिया भर के देशों को एक मंच पर लाएगा, जिससे न केवल नाविकों का जीवन सुरक्षित होगा बल्कि वैश्विक समुद्री व्यापार बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सकेगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article