US Travel Warning: दुनिया के कई हिस्सों में जारी संघर्ष, राजनीतिक अस्थिरता और सुरक्षा संबंधी खतरों के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ट्रैवलगॉव (TravelGov) सेवा ने 23 देशों को सबसे उच्च जोखिम वाली लेवल-4 ‘डू नॉट ट्रैवल’ श्रेणी में रखा है। इस चेतावनी के तहत अमेरिकी नागरिकों को इन देशों की यात्रा किसी भी स्थिति में नहीं करने की सलाह दी गई है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह श्रेणी उन जगहों के लिए लागू की जाती है जहां स्थानीय हालात बेहद खतरनाक हैं या फिर अमेरिकी सरकार की अपने नागरिकों को आपात स्थिति में मदद पहुंचाने की क्षमता सीमित है। कई मामलों में ये दोनों स्थितियां एक साथ भी हो सकती हैं।
किन 23 देशों को इस लिस्ट में किया गया शामिल?
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी विदेश मंत्रालय की लेवल-4 सूची में शामिल देश हैं।
- अफगानिस्तान
- बेलारूस
- बुर्किना फासो
- म्यांमार
- सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक
- चाड
- डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो
- हैती
- ईरान
- इराक
- लेबनान
- लीबिया
- माली
- नाइजर
- उत्तर कोरिया
- रूस
- सोमालिया
- दक्षिण सूडान
- सूडान
- सीरिया
- युगांडा
- यूक्रेन यमन।
अफ्रीका के 11 देश भी शामिल
इस सूची में अफ्रीकी देशों की संख्या भी काफी ज्यादा है। बुर्किना फासो, सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक, चाड, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, लीबिया, माली, नाइजर, सोमालिया, दक्षिण सूडान, सूडान और युगांडा को लेवल-4 श्रेणी में रखा गया है। इन देशों में आतंकवाद, सशस्त्र संघर्ष, अपहरण, अपराध और राजनीतिक अस्थिरता जैसी चुनौतियां सुरक्षा जोखिम बढ़ाती हैं।
क्या है अमेरिका की चार-स्तरीय ट्रैवल एडवाइजरी?
अमेरिकी विदेश मंत्रालय अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के लिए चार स्तरों में एडवाइजरी जारी करता है।
- लेवल 1: सामान्य सावधानी बरतें।
- लेवल 2: यात्रा के दौरान अतिरिक्त सतर्कता रखें।
- लेवल 3: यात्रा करने के फैसले पर दोबारा विचार करें।
- लेवल 4: यात्रा बिल्कुल न करें।
लेवल-4 सबसे गंभीर चेतावनी है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस श्रेणी में आने वाले देशों में जानलेवा खतरे हो सकते हैं और आपात स्थिति में अमेरिकी सरकार अपने नागरिकों की मदद करने में असमर्थ या सीमित हो सकती है।
भारत को किस श्रेणी में रखा गया है?
अमेरिका की ट्रैवल एडवाइजरी में भारत को लेवल-2 यानी 'एक्सरसाइज इंक्रीज्ड कॉशन' की श्रेणी में रखा गया है। इसका मतलब है कि अमेरिकी नागरिकों को भारत की यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। भारत को लेवल-4 की सूची में शामिल नहीं किया गया है।
