Sergio Gor : अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बयान दिया है। भारत में अमेरिका के राजदूत गोर ने कहा है कि इस समझौते केवल एक या 2 प्रतिशत काम होना बाकी है और यह पूरा होने के करीब है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी बातचीत और भारत-अमेरिका संबंधों पर गोर ने बताया कि वह पिछले 10 सालों से राष्ट्रपति ट्रंप के साथ जुड़े हुए हैं। इसलिए, उनके बीच की बातचीत मुख्य रूप से दो दोस्तों के आपस में मिलने और पुरानी यादें ताजा करने जैसी थी।
दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार के बारे में जानकारी दी
उन्होंने राष्ट्रपति को अपने भारत दौरों और दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर हफ्ते दोनों तरफ से बिजनेस एक-दूसरे के देश में आ-जा रहे हैं, जो दोनों देशों के लिए 'विन-विन' (दोनों की जीत) वाली स्थिति है। सर्जियो गोर ने बताया कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) एम्बेसडर जेमिसन ग्रीर को राष्ट्रपति ट्रंप का पूरा भरोसा हासिल है और दोनों देश इस व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं।
कानूनी पेचीदगियां पर किया जा रहा काम-गोर
गोर ने स्पष्ट किया कि यह कोई एक पन्ने का समझौता नहीं है। दोनों देशों के बीच हजारों ऐसी वस्तुएं और कानूनी पेचीदगियां हैं जिन पर काम किया जा रहा है। इसके बावजूद, उन्होंने कहा कि हम इस प्रक्रिया में जितनी दूर तक आ चुके हैं, वह हमारे मजबूत रिश्तों का एक बड़ा प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस डील को बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा। अमेरिकी राजदूत ने यह भी घोषणा की कि अगले दो हफ्तों के भीतर फिलीपींस में 'क्वाड' देशों (भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया) की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जो भारत-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करेगी।
मध्यावधि चुनाव के दौरान नहीं हो रहा दौरा
ट्रंप की भारत यात्रा पर गोर ने कहा कि यह मध्यावधि चुनाव के दौरान नहीं हो रहा है। जब प्रधानमंत्री ने फ्रांस में उनसे मुलाकात की थी, तब भारतीय पक्ष ने इस बात का जिक्र किया था कि उन्हें आमंत्रित किया गया है। हम चाहेंगे कि यह यात्रा जल्द से जल्द संभव हो। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान उन्हें आमंत्रित किया था। हम उन्हें वापस यहां (अमेरिका) देखना पसंद करेंगे और मुझे पता है कि वह दिसंबर में G20 शिखर सम्मेलन के लिए आ रहे हैं।'
क्वाड बैठक पर भी बोले गोर
फिलीपींस में होने वाली क्वाड बैठक पर उन्होंने कहा, 'हमारा उद्देश्य नई दिल्ली में जो कुछ भी हुआ है, उसे आगे बढ़ाना है, जिसमें फिजी और अन्य स्थानों पर वे समुद्री विकल्प शामिल थे। प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा हम चारों देशों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है... हम इसे एक नियमित व्यवस्था बनाना चाहते हैं, न कि साल में केवल एक या दो बार होने वाला कोई आयोजन।'
