इजराइल के रक्षा मंत्री ने कहा, खामेनेई का वजूद नहीं रहेगा
इजराइल के रक्षा मंत्री ने कहा, खामेनेई जैसा तानाशाह, जो ईरान जैसे देश का मुखिया है और जिसने इजराइल के विनाश को अपना मिशन बना लिया है, अब उसका वजूद और नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि इजराइली रक्षा बलों (आईडीएफ) को निर्देश दिए गए हैं और वे जानते हैं कि अपने सभी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए, इस आदमी को बिल्कुल भी अस्तित्व में नहीं रहना चाहिए। अमेरिकी अधिकारियों ने इस सप्ताह कहा था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खामेनेई की हत्या की इजराइली योजना पर वीटो कर दिया है। ट्रंप ने बाद में कहा कि खामेनेई को मारने की कम से कम अभी तो योजना नहीं है।
ईरान का इजरायल के अस्पताल पर हमला
ईरान की एक मिसाइल गुरुवार तड़के दक्षिणी इजराइल के मुख्य अस्पताल पर गिरी जिससे कई लोग घायल हो गए और बड़ा नुकसान हुआ है। इजराइली मीडिया ने मिसाइल हमले के कारण क्षतिग्रस्त हुईं खिड़कियों और इलाके से उठते घने काले धुएं के फुटेज प्रसारित किए। ईरान ने तेल अवीव में एक ऊंची अपार्टमेंट इमारत और मध्य इजराइल में अन्य जगहों पर हमले किए। इजराइल की ‘मैगन डेविड एडम’ बचाव सेवा के अनुसार, इन हमलों में कम से कम 40 लोग घायल हुए हैं।
इजराइल ने ईरान के रिएक्टर पर हमला किया
इस बीच इजराइल ने ईरान के अराक भारी जल रिएक्टर पर हमला किया। ईरान के विशाल परमाणु कार्यक्रम पर यह हमला संघर्ष के सातवें दिन किया गया। इजराइल ने सात दिन पहले ईरान के सैन्य स्थलों, वरिष्ठ अधिकारियों और परमाणु वैज्ञानिकों को निशाना बनाकर अचानक हमले किए जिससे यह संघर्ष शुरू हो गया। ईरान ने इजराइल पर सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन दागे लेकिन अधिकतर को इजराइल की बहु-स्तरीय वायु रक्षा प्रणाली ने मार गिराया। ईरानी मिसाइल ने सोरोका मेडिकल सेंटर को निशाना बनाया जो इजराइल के दक्षिण में स्थित मुख्य अस्पताल है।
अस्पताल की वेबसाइट के अनुसार, इस अस्पताल में 1,000 से अधिक बिस्तर हैं और यह इजराइल के दक्षिण के लगभग 10 लाख निवासियों को सेवाएं प्रदान करता है। बयान में कहा गया है कि चिकित्सा केंद्र के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं और आपातकालीन कक्ष में मामूली रूप से घायल कई लोगों का इलाज किया जा रहा है। अस्पताल को नए रोगियों के लिए बंद कर दिया गया है और केवल उन मरीजों को भर्ती किया जा रहा है जो किसी जानलेवा समस्या से जूझ रहे हैं। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले में कितने लोग घायल हुए हैं। इजराइल के कई अस्पतालों ने पिछले सप्ताह आपातकालीन योजनाएं सक्रिय कर दी थीं और अस्पतालों की भूमिगत पार्किंग में मरीजों को स्थानांतरित कर दिया था।
