दुनिया

'मैं तो कॉफी के लिए मर रहा हूं'; मौत की अफवाहों के बीच आया इजरायली पीएम का वीडियो, ईरान और लेबनान पर कह दी ये बात

पिछले करीब एक सप्ताह से सोशल मीडिया पर नेतन्याहू को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी अनुपस्थिति को लेकर सवाल उठ रहे थे। जिसके बाद अब खुद इजरायली पीएम ने इन अफवाहों पर विराम लगा दिया है।

Image

बेंजामिन नेतन्याहू

Photo : AP

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर फैल रही अपनी मौत की अफवाहों पर खुद सामने आकर प्रतिक्रिया दी है। रविवार को उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह एक सड़क किनारे स्थित छोटे कैफे में कॉफी लेते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के जरिए उन्होंने उन खबरों का मजाक उड़ाया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि वह अब जीवित नहीं हैं।

नेतन्याहू की मौत की उड़ रही अफवाहें

पिछले करीब एक सप्ताह से सोशल मीडिया पर नेतन्याहू को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी अनुपस्थिति को लेकर सवाल उठ रहे थे। इसी बीच एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें उनकी एक तस्वीर में छह उंगलियां दिखाई देने का दावा किया गया था। इस वीडियो को कुछ लोगों ने कृत्रिम या एडिटेड बताते हुए उनकी मौत की अफवाहों को और हवा दे दी थी।

'मैं तो सिर्फ कॉफी के लिए मर रहा हूं'

हालांकि रविवार को जारी किए गए नए वीडियो में नेतन्याहू सामान्य अंदाज में नजर आए। वीडियो में वह कॉफी लेते हुए दुकानदार को धन्यवाद देते दिखाई देते हैं। जब कैमरा पकड़ने वाले व्यक्ति ने उनसे कहा कि कुछ चैनलों पर उनकी मौत की खबरें चलाई जा रही हैं, तो उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, “मैं तो सिर्फ कॉफी के लिए मर रहा हूं।” इसके बाद उन्होंने हंसते हुए कहा कि वह अपने लोगों से बेहद प्यार करते हैं और देश के नागरिकों के व्यवहार की तारीफ भी की।

नेतन्याहू ने वीडियो में अपने दोनों हाथ दिखाते हुए उन अफवाहों पर भी तंज कसा, जिनमें छह उंगलियां होने का दावा किया गया था। उन्होंने कहा कि लोग उंगलियां गिनना चाहते हैं तो देख सकते हैं। इसके बाद उन्होंने कॉफी कप उठाते हुए ‘लेचाइम’ यानी ‘जीवन के नाम’ कहा।

इजरायली नागरिकों से की ये अपील

प्रधानमंत्री ने वीडियो में इजरायली नागरिकों को संदेश देते हुए कहा कि वे जरूरत पड़ने पर बाहर जा सकते हैं, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से सुरक्षित शेल्टरों के पास ही रहें। उन्होंने कहा कि देश के लोगों का समर्थन सरकार, सेना और खुफिया एजेंसियों को मजबूती देता है।

लेबनान में जारी रहेगा अभियान

नेतन्याहू ने यह भी कहा कि इजरायल ईरान के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखे हुए है और हमले लगातार किए जा रहे हैं। साथ ही लेबनान में भी सैन्य अभियान जारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ‘होम फ्रंट कमांड’ और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और हमेशा सुरक्षित स्थानों के पास रहें।

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दी है नेतन्याहू को मारने की धमकी

गौरतलब है कि नेतन्याहू का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब इससे पहले ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने बयान देकर कहा था कि वह इजरायली प्रधानमंत्री को निशाना बनाएगी। ऐसे में उनके वीडियो ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को खत्म करने के साथ-साथ राजनीतिक संदेश भी दिया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article