PM Modi Israel Visit: इजरायल पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत हुआ है। एयरपोर्ट से लेकर संसद तक इजरायल ने उनकी मेजबानी में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। पीएम मोदी के सम्मान में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार रात रात्रिभोज का आयोजन किया। इस रात्रिभोज में पीएम मोदी अपनी इजरायली समकक्ष को देखकर चौंक गए। दरअसल, भारत एवं पीएम मोदी को सम्मान देने के लिए नेतन्याहू ने भारतीय परिधान पहना था। अपने परिधान के बारे में X पर नेतन्याहू ने हिंदी में लिखा कि 'हमारे संयुक्त रात्रिभोज से पहले, मैंने अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर चौंका दिया।'
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी को इजरायली संसद के सर्वोच्च सम्मान 'स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल' से सम्मानित किया गया। पीएम मोदी ऐसे एकलौते शख्स हैं, जिन्हें इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है। नेसेट स्पीकर अमीर ओहाना ने इजरायली संसद में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद उन्हें यह पदक प्रदान किया। यह पदक भारत और इजरायल के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री के असाधारण योगदान के वास्ते प्रदान किया गया है।
PM मोदी ने की आतंकी हमले की निंदा
पीएम मोदी का इजरायली संसद में जोरदार स्वागत हुआ। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी को न सिर्फ अपना भाई बताया, बल्कि ताली बजाकर उनका जोरदार स्वागत भी किया। इजरायली सांसदों ने तो खड़े होकर मोदी-मोदी के नारे लगाए। इस दौरान, पीएम मोदी ने नेसेट को संबोधित करते हुए सात अक्टूबर, 2023 को हमास द्वारा किए गए 'बर्बर आतंकवादी हमले' की निंदा की और कहा, 'हम आपके दर्द को महसूस करते हैं, हम आपके शोक में आपके साथ हैं।'
आतंकवाद के खिलाफ इजरायल के साथ-पीएम मोदी
आतंकवाद पर करारा प्रहार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इजरायल की तरह भारत भी इसके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति रखता है। पीएम ने कहा कि भारत भी वर्षों से आतंकवाद का दंश झेलता आया है। मुंबई हमले का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि 26/11 के हमलों में इजरायली नागरिक भी मारे गए। निर्दोष नागरिकों की हत्या को किसी भी तरीके से जायज नहीं ठहराया जा सकता। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत पूरी तरह से इजरायल के साथ है। पीएम मोदी दो दिन के इजरायल दौरे पर पहुंचे हैं। पीएम के रूप में यह उनका दूसरा इजरायल दौरा है। इसके पहले वह 2017 में इजरायल आए थे।
