दुनिया

सीजफायर के दावों के बीच ईरान ने इजरायल पर बरसाईं मिसाइलें, तीन की मौत, युद्धविराम की डेडलाइन पूरी

इजराइल की बचाव सेवा ‘मैगन डेविड जाफन’ ने कहा कि सुबह हुए हमलों में कम से कम तीन लोग मारे गए और आठ अन्य घायल हो गए। ईरान के हमलों में इजराइल के दक्षिण में स्थित एक आवासीय इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है।

Image

ईरान ने इजरायल पर बरसाई मिसाइल

Photo : AP

Iranian missiles Attack: इजराइल ने कहा है कि ईरान के हमलों में तीन लोगों की मौत हुई है। इससे पहले इजराइल ने ईरान के हमलों को लेकर मंगलवार को नागरिकों को सतर्क किया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से सीजफायर के दावे के बीच इजरायल ने कहा था कि ईरान की ओर से अभी और मिसाइल हमले हो सकते हैं। ट्रंप ने युद्धविराम की जो डेडलाइन दी थी, वह पूरी हो गई है। अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को घोषणा की थी कि इजराइल और ईरान ने पूर्ण संघर्षविराम पर सहमति व्यक्त की है। लेकिन दोनों ही देशों ने इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया है।

इजराइल की बचाव सेवा ‘मैगन डेविड जाफन’ ने कहा कि सुबह हुए हमलों में कम से कम तीन लोग मारे गए और आठ अन्य घायल हो गए। आपातकालीन बचावकर्मियों के अनुसार ईरान के हमलों में इजराइल के दक्षिण में स्थित एक आवासीय इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है। मंगलवार की सुबह कई मिसाइल हमले किए गए जिसके कारण इजराइल के लोगों को लगभग दो घंटे तक बम रोधी आश्रय स्थलों में रहना पड़ा।

ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष तेज

ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष तेज हो गया है। ईरान ने मंगलवार को मध्य और दक्षिणी इजरायल पर आठ बैलिस्टिक मिसाइलें दागी। इनमें से एक मिसाइल बीरशेबा स्थित एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स पर गिरी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। इस हमले से इमारत पूरी तरह ढह गई। मैगन डेविड एडोम के आपातकालीन कर्मियों ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की। इस विस्फोट में घायल कई लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों और हेल्थकेयर सेंटर में ले जाया गया। हालांकि, घायलों की आधिकारिक संख्या अभी जारी नहीं की गई है।

ईरान का मिसाइल हमला

ईरान का मिसाइल हमला

फिर से बजने लगे मिसाइल से बचाव के सायरन

हमले के तुरंत बाद इजरायल डिफेंस फोर्सेस ने बताया कि मध्य इजरायल और दक्षिणी हिस्सों में मिसाइल सायरन फिर से बजे हैं, जो एक और मिसाइल हमले का संकेत दे रहे थे। यह हमला ईरान द्वारा इजरायल के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को स्थानीय समयानुसार सुबह 4 बजे से एकतरफा रोकने की घोषणा के कुछ समय बाद हुआ। ईरानी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह युद्धविराम सशर्त है और पूरी तरह इजरायल के आक्रामक हमले बंद करने पर निर्भर है।

ट्रंप के दावे में विरोधाभास

यह विरोधाभास तब स्पष्ट हो गया, जब ट्रंप ने दावा किया कि दोनों पक्ष युद्धविराम पर सहमत हुए हैं, लेकिन तेहरान ने इस दावे को तुरंत खारिज कर दिया। ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उन्हें वाशिंगटन से कोई औपचारिक युद्धविराम प्रस्ताव नहीं मिला। उन्होंने दोहराया कि सैन्य कार्रवाई अस्थायी रूप से रोकी गई है, बशर्ते इजरायल अपने हमले बंद करे। अब तक इजरायल ने ट्रंप के युद्धविराम दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

12 दिन से चल रहे इस युद्ध की शुरुआत इजरायल द्वारा "ऑपरेशन राइजिंग लायन" शुरू करने से हुई, जिसमें ईरानी सैन्य और परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया गया। जवाब में ईरान ने इजरायल पर कई बार बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। अनुमान के अनुसार, ईरान में लगभग 400 लोग और इजरायल में लगभग 24 लोग मारे गए हैं। यह संघर्ष तब और बढ़ गया, जब अमेरिका ने ईरान के प्रमुख परमाणु ठिकानों- फोर्डो, नतांज और एस्फाहान पर सीधे सैन्य हमले किए।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर सीजफायर का ऐलान किया

इससे पहले, ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर घोषणा की कि दोनों देशों द्वारा चल रहे सैन्य अभियानों को समाप्त करने के कुछ ही घंटों बाद पूर्ण और समग्र युद्धविराम लागू हो जाएगा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘बधाई हो सभी को! ईरान और इजरायल के बीच पूर्ण और अंतिम सीजफायर पर सहमति बन गई है। सीजफायर छह घंटे के भीतर शुरू होगा और ईरान को पहले इसे पालन करना होगा। ईरान की ओर से सीजफायर का पालन करने के बाद, अगले 12 घंटे बाद इजरायल भी सीजफायर में शामिल हो जाएगा। 24 घंटे बाद युद्ध को औपचारिक तौर पर समाप्त माना जाएगा।’

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और इजरायल की सहनशक्ति, साहस और बुद्धिमत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा, दोनों देशों के बीच ये युद्ध सालों तक चल सकता था जिससे मध्य पूर्व तबाह हो सकता था, लेकिन ऐसा हुआ नहीं और कभी होगा भी नहीं। ट्रंप ने इस लंबे-चौड़े पोस्ट के अंत में लिखा- ईश्वर ईरान को आशीर्वाद दे, ईश्वर इजरायल को आशीर्वाद दे, ईश्वर मध्य पूर्व को आशीर्वाद दे, ईश्वर अमेरिका को आशीर्वाद दे और ईश्वर पूरी दुनिया को आशीर्वाद दे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article