Israeli-Lebanon War: लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में लेबनान के विभिन्न क्षेत्रों में इजरायली हवाई हमलों में 78 लोगों की मौत हो गई, जबकि 122 अन्य घायल हो गए। लेबनानी राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने बताया कि आक्रमण की शुरुआत से लेकर कल तक कुल 3365 लोगों की मौत हो चुकी है और 14344 लोग घायल हुए हैं।
खाद्य सामग्री की कमी से परेशान है गाजा
बता दें, लेबनान के अल्माट इलाके में भी बीते रविवार को इजरायल के हवाई हमले में 37 लोग मारे गए थे और 6 लोग घायल हुए थे। मारे गए लोगों में सात बच्चे भी शामिल थे। एक अन्य इजरायली हमले में माशघारा में तीन लोग मारे गए थे। वहीं उत्तरी गाजा में बेघर लोगों के ठिकाने पर हमला कर इजरायली सेना ने 36 लोगों को मार डाला था, मारे गए लोगों में कई महिलाएं भी थी। गाजा सिटी में एक अन्य हमले में इजरायल ने गाजा की हमास सरकार में मंत्री वाएल अल-खोर के आवास को निशाना बनाया था।
इस हमले में वाएल, उनकी पत्नी और तीन बच्चे मारे गए थे। इस बीच विश्व में भुखमरी से बचाव के लिए कार्य करने वाली संस्था ने उत्तरी गाजा में लोगों के भूख से मरने की चेतावनी दी है। कहा है कि गाजा में इजरायली सेना से घिरे कई इलाकों में खाद्य सामग्री नहीं पहुंच पा रही है, इसलिए वहां पर लोगों के मरने का खतरा है, लेकिन इजरायल ने ऐसे खतरे से इन्कार किया है। कहा है कि सभी लोगों को पर्याप्त सामग्री मिल रही है।
