Israeli Jets Strike Lebanon: इजरायल के लड़ाकू विमानों ने गुरुवार को दक्षिणी लेबनान के कई शहरों पर हवाई हमले किये। इससे पहले इजरायली अधिकारियों ने इन शहरों के निवासियों से वहां से चले जाने का आग्रह किया था। ये हवाई हमले हिज्बुल्ला द्वारा लेबनान सरकार से इजरायल के साथ बातचीत न करने का आग्रह करने के कुछ घंटों बाद किए गए।
इजरायल ने बरपाया कहर
इजरायल के अधिकारी अविचाय अद्राई ने सीमा के पास स्थित तैयबा, तटीय शहर तायरे के पूर्व में स्थित तायर देब्बा और ऐता अल-जबल के निवासियों को उन आवासीय भवनों से 500 मीटर दूर चले जाने की चेतावनी दी, जिन्हें वे निशाना बना रहे हैं। इजरायली अधिकारी का कहना है कि इन भवनों का इस्तेमाल हिज्बुल्ला द्वारा किया जाता है।
हिज्बुल्ला के ठिकानों को इजरायल ने बरपाया कहर
इजरायली सेना ने कहा कि उसने इन क्षेत्रों में हिज्बुल्ला के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इजरायली सेना ने समूह पर अमेरिका की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम के लगभग एक साल बाद दोबारा खुद को मजबूत करने का आरोप लगाया है। लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन देश की पांच पहाड़ी चोटियों पर इजरायल की सैन्य उपस्थिति की आलोचना करते रहे हैं। हालांकि, राष्ट्रपति जोसेफ ने कहा है कि वह तनाव समाप्त करने के लिए इजरायल के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं।
इजरायल का कहना है कि उसके हमलों में हिज्बुल्ला के लड़ाकों और सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है, जबकि लेबनानी सरकार का दावा है कि हमलों में नागरिकों और ऐसे बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया, जिसका हिज्बुल्ला से कोई संबंध नहीं है। लेबनानी सरकार ने हिज्बुल्ला के हथियार डालने का समर्थन किया है।
