दुनिया

इजरायल-लेबनान युद्धविराम टूटा? दक्षिणी लेबनान में इजरायली एयरस्ट्राइक, IDF ने किया आतंकियों को मारने का दावा

आईडीएफ ने अपने बयान में कहा है कि वह अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित रखने और इजरायल के नागरिकों तथा सैनिकों पर किसी भी संभावित खतरे को खत्म करने के लिए ऐसे अभियान जारी रखेगा।

Image

इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह पर हमला किया: आईडीएफ

सीजफायर के बावजूद लेबनान खासतौर पर दक्षिणी हिस्से में आईडीएफ ने अपने ऑपरेशन तेज कर दिए हैं। इस बीच, इजरायली डिफेंस फोर्स ने दावा किया है कि उसने लेबनान के दक्षिणी हिस्से में कुछ आतंकियों को हवाई हमलों में मार गिराया गया है। आईडीएफ ने दावा किया कि जिन आतंकियों को मार गिराया गया है वे युद्धविराम का उल्लंघन कर उत्तरी सीमा के पास खतरा पैदा कर रहे थे। आईडीएफ ने बताया कि 98वीं और 36वीं डिवीजन की टीमें फॉरवर्ड डिफेंस लाइन के दक्षिण में लगातार अभियान चला रही हैं। जिससे कि इजरायल के उत्तरी इलाकों को किसी भी सीधे खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।

सेना ने बताया कि पहला घटनाक्रम बिंट जबील इलाके में सामने आया, जहां पैराट्रूपर्स ब्रिगेड ने कुछ संदिग्ध आतंकियों की पहचान की। आरोप है कि ये लोग युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में सक्रिय थे और सैनिकों के करीब पहुंच रहे थे, जिससे तत्काल खतरा पैदा हो गया था। इसके बाद जमीनी बलों के निर्देश पर वायुसेना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हवाई हमला किया और कथित तौर पर सभी आतंकियों को मार गिराया।

इसी तरह की एक और घटना लिटानी क्षेत्र में सामने आई, जहां गोलानी ब्रिगेड ने कुछ आतंकियों की गतिविधियों का पता लगाया। आईडीएफ के मुताबिक, ये भी युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए फॉरवर्ड डिफेंस लाइन में घुसपैठ कर रहे थे। खतरे को देखते हुए वायुसेना ने यहां भी सटीक हमला किया और उन्हें निष्क्रिय कर दिया।

आईडीएफ ने अपने बयान में कहा है कि वह अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित रखने और इजरायल के नागरिकों तथा सैनिकों पर किसी भी संभावित खतरे को खत्म करने के लिए ऐसे अभियान जारी रखेगा। हालांकि, लेबनान की ओर से इस पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

इजरायल ने बफर जोन बनाने का मैप किया जारी

इससे पहले, इजरायल की सेना ने दक्षिणी लेबनान में एक बफर जोन बनाने का मैप जारी किया है। इसमें लेबनानी इलाके के अंदर कई किलोमीटर तक फैला एक बड़ा इलाका दिखाया गया है, जो लेबनान के भूमध्यसागरीय पानी से लेकर सीरियाई बॉर्डर के पास माउंट हरमोन इलाके तक एक लंबी पट्टी की तरह फैला हुआ है।

न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल कॉट्ज ने कहा है कि इजरायल इस इलाके से अपने सैनिकों को वापस नहीं बुलाएगा, भले ही गुरुवार और शुक्रवार की आधी रात को लोकल टाइम पर एक अस्थायी सीजफायर लागू हुआ हो। कॉट्ज ने यह भी कहा कि इजरायल इस इलाके में घरों और बिल्डिंग्स को गिरा देगा। उन्होंने इसकी तुलना गाजा पट्टी में हुई कार्रवाइयों से की और चेतावनी दी कि इजरायली सेना हिज्बुल्लाह का सदस्य माने जाने वाले किसी भी व्यक्ति को मार डालेगी।

सेना ने एक बयान में कहा कि पांच डिवीजन, नौसेना बल के साथ, अभी लेबनानी इलाके में फॉरवर्ड डिफेंस लाइन बनाने के लिए काम कर रहे हैं; इसका मकसद उत्तरी इजरायल के समुदायों के लिए सीधे खतरों को नाकाम करना है।

इजरायल वार्ता के लिए लेबनान ने पूर्व राजदूत को सौंपी कमान

इस बीच, लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने इजरायल के साथ संभावित वार्ता के लिए एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया है, जिसकी अगुवाई अमेरिका में पूर्व राजदूत साइमन करम करेंगे। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वार्ता का उद्देश्य शत्रुता को समाप्त करना, कब्जे का अंत करना और सेना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सीमाओं तक तैनात करना है। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर कराने और वार्ता शुरू कराने में हस्तक्षेप किया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article