हमास की ओर से हजारों रॉकेट दागे जाने के बाद इजराइल बेकाबू हो उठा है और उसने पूरी ताकत के साथ फिलिस्तीन पर हमला बोल दिया है। इजराइली वायुसेना के जहाज एक के बाद एक हमास के ठिकाने धवस्त करते दिख रहे हैं। इजराइली एयरफोर्स की ओर से वीडियो जारी कर यह दिखाने की कोशिश की गई है कि वो किस तरह से आतंकियों के ठिकाने पर हमले कर रही है।
इजरायली वायुसेना ने वीडियो किया शेयर
इजरायली एयरफोर्स के एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है। वीडियो के साथ लिखा गया है- "आज सुबह, गाजा पट्टी से इजरायली क्षेत्र में लगभग 2,200 रॉकेट लॉन्च किए गए। साथ ही दक्षिणी इजराइल में कई आतंकवादियों ने इजराइली क्षेत्र में घुसपैठ की। इसके जवाब में, आईडीएफ ने ऑपरेशन "स्वोर्ड्स ऑफ आयरन" शुरू किया है।"
नेतन्याहू ने क्या कहा
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक वीडियो जारी कर कहा कि इज़राइल युद्ध में है। उन्होंने कहा कि हमास को इज़राइल पर हमला शुरू करने के लिए भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। नेतन्याहू ने कहा- "हम युद्ध में हैं, ऑपरेशन में नहीं। हमास ने इजराइल और उसके नागरिकों के खिलाफ एक जानलेवा हमला किया है। मैंने सबसे पहले घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों की बस्तियों को साफ करने का आदेश दिया है। दुश्मन को ऐसी कीमत चुकानी पड़ेगी जिसके बारे में उन्होंने कभी नहीं सोचा होगा।"
एक साथ हमला
इजराइल ने 'युद्ध की स्थिति' की घोषणा के बाद हमास के खिलाफ 'ऑपरेशन आयरन स्वोर्ड्स' की घोषणा की है। इजराइल वायु सेना ने गाजा पट्टी में कई स्थानों पर फिलिस्तीनी आतंकवादी संगठन हमास को निशाना बनाते हुए दर्जनों लड़ाकू विमानों के साथ हमला किया है।
