देश

MLC Election 2026 : 4 राज्यों की 28 सीटों पर वोटिंग संपन्न, कहीं वोट चोरी के आरोप, कहीं शांतिपूर्ण मतदान; बिहार में कितने प्रतिशत पड़े वोट

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 74.55% और स्नातक में 43.87% मतदान रिकॉर्ड किया गया।

Image

विधान परिषद चुनाव 2026 (फोटो-AI)

MLC Election 2026 : देश के चार राज्यों की विधान परिषद की 28 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान संपन्न हो गया। इस चुनाव में उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की 8, महाराष्ट्र की 5 और कर्नाटक की 4 सीटें शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच कई सीटों पर कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। हालांकि, मतदान के दौरान कुछ जगहों से गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोप भी सामने आए। ताजा आंकड़ों को देखें तो बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 74.55% और स्नातक में 43.87% मतदान रिकॉर्ड किया गया।

बिहार की आठ सीटों पर चुनाव संपन्न

बिहार की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान शाम चार बजे तक चला। इन चुनावों में कुल 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना था। इनमें 1,46,611 महिलाएं और थर्डजेंडर के 37 मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 933 केंद्र बनाए गए थे। मतों की गणना 27 अक्टूबर को होगी। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल (JDU) के भीतर खुलकर सामने आई खींचतान के कारण मुकाबले पर विशेष नजर बनी हुई है। मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाए जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे थे। पूर्व मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले नीरज कुमार इस सीट से लगातार चौथी बार चुनाव लड़े हैं। फिलहाल, उनकी किस्मत मत पेटी पर बंद हो गई है।

अनंत सिंह ने अनुज सिंह को समर्थन देते हुए आरोप लगाया है कि नीरज कुमार ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान उनके खिलाफ काम किया था। पटना स्नातक के अलावा दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान संपन्न हो गया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चार निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें तीन मौजूदा विधान पार्षद फिर से चुनाव लड़े। वहीं, जदयू ने शेष चार सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। भाजपा के उम्मीदवारों में विधान पार्षद नवल किशोर यादव, एनके यादव और सर्वेश कुमार शामिल हैं। ये क्रमशः पटना शिक्षक, कोसी स्नातक और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी (जेएसपी) सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ी है।

यूपी में किन सीटों पर चुनाव

पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी हैं, जबकि छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ, आगरा, वाराणसी, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद हैं। ये निर्वाचन क्षेत्र राज्य के सभी 75 जिलों में फैले हुए हैं, लेकिन केवल पंजीकृत स्नातक और शिक्षक मतदाता ही वोट डालने के पात्र हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article