दुनिया

Israel News: हमास के रॉकेट हमले में भारतीय महिला घायल, सर्जरी कर बचाई गई जान

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Oct 9, 2023, 04:28 PM IST

हमास-इजरायल संघर्ष के बीच, केरल के कन्नूर के पय्यावीर की 40 वर्षीय महिला, शीजा आनंद हमास के रॉकेट हमले में घायल हो गई है। शीजा इजराइल के एक परिवार के यहां देखभाल करने का काम करती है।

Image

हमास के हमले में केरल की रहने वाली महिला घायल

Photo : AP

इजराइल पर हमले का असर वहां रह रहे भारतीय नागरिकों पर भी पड़ा है। हमास के रॉकेट हमले में भारत की एक महिला घायल हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार घायल महिला का इलाज किया जा रहा है। महिला केरल की रहने वाली है और काफी समय से इजराइल में रह रही थी।

केरल की महिला इजराइल में घायल

हमास-इजरायल संघर्ष के बीच, केरल के कन्नूर के पय्यावीर की 40 वर्षीय महिला, शीजा आनंद हमास के रॉकेट हमले में घायल हो गई है। शीजा इजराइल के एक परिवार के यहां देखभाल करने का काम करती है। घर के एक बुजुर्ग मरीज की जिम्मेदारी शीजा पर ही थी। रिपोर्टों के अनुसार शनिवार दोपहर (7 अक्टूबर) को उस घर पर रॉकेट गिरने से वो घायल हो गई।

हुई सर्जरी

हमास के हमले के बाद शीजा आनंद ने भारत में अपने परिवार से संपर्क किया था, उन्हें बताया था कि वो ठीक हैं। उसने दोपहर में अपने परिवार को दूसरी बार फोन किया, लेकिन कॉल अचानक कट गई। जिसके बाद परिवार परेशान हो गया, बाद में केरल के एक अन्य भारतीय नागरिक ने शीजा के परिवार से संपर्क किया और उन्हें सूचित किया कि वह घायल हो गई है। उसकी सर्जरी हुई है। उन्होंने आगे बताया कि अतिरिक्त सर्जरी के लिए उसे दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित किया जाएगा। आनंद पिछले सात वर्षों से इज़राइल में काम कर रही है, जबकि उनके पति और दो बच्चे भारत में रहते हैं।

हमास ने मचाई तबाही

शनिवार को, हमास ने इज़राइल पर एक आश्चर्यजनक हमला किया है, देश के दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में रॉकेटों की बौछार कर दी थी। हमास के हमले की शुरुआत के बाद से इज़राइल में मरने वालों की संख्या अब 700 लोगों से अधिक हो गई है। हताहतों में कई सैनिक और पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं जिन्हें हमले में निशाना बनाया गया था। गाजा में कई इजराइलियों को बंधक बनाए जाने की भी खबरें आई हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article