Israel Iran War: इजरायल और ईरान के बीच युद्ध ने भीषण मोड़ ले लिया है। मिडिल ईस्ट अशांति की आग में जल रहा है। इसी बीच ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हिली ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा है कि साइप्रस की ओर दो मिसाइलें दागी गईं, जहां हजारों ब्रिटिश सैनिक तैनात हैं। इस बयान के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
साइप्रस में ब्रिटेन के अहम सैन्य अड्डे मौजूद
रक्षा मंत्री ने बताया कि मिसाइलों को साइप्रस स्थित ब्रिटेन के सैन्य ठिकानों की दिशा में लॉन्च किया गया था। हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन घटना को गंभीर सुरक्षा चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। साइप्रस में ब्रिटेन के अहम सैन्य अड्डे मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल मध्य पूर्व में चल रहे अभियानों और निगरानी गतिविधियों के लिए किया जाता है।
साइप्रस में ब्रिटेन के दो प्रमुख सैन्य ठिकाने – RAF Akrotiri और Dhekelia – रणनीतिक रूप से बेहद अहम माने जाते हैं। इन ठिकानों पर हजारों ब्रिटिश सैनिक और सैन्य संसाधन तैनात हैं।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों की शनिवार को निंदा की और क्षेत्र और पूरी दुनिया को संकट से निकालने के लिए तत्काल फिर से बातचीत शुरू करने का आह्वान किया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने आपातकालीन बैठक में कहा कि स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए।
इजरायल ने तेज किए हमले
ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद इजरायल ने तेहरान पर हमले तेज कर दिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान में धमाकों की आवाज गूंज रही हैं, जबकि इजरायली सेना का कहना है कि वो शहर के 'दिल' को निशाना बना रहे हैं।
ईरान को मिला नया कमांडर इन चीफ
इजरायली डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने ऑपरेशन रोअरिंग लॉयन के तहत ईरान के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन में जनरल मोहम्मद पाकपुर समेत इजरायल के कई शीर्ष नेताओं को निशाना बनाया है। इस बीच ईरान को इसका नया कमांडर-इन-चीफ मिल गया है। ब्रिगेडियर जनरल अहमद वाहिदी को नया कमांडर-इन-चीफ बनाया गया है।
