Charu Chandra Das Brahmachari News: देशद्रोह के आरोप में हिंदू भिक्षु चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी पर बड़े विवाद के बीच, इस्कॉन बांग्लादेश ने गुरुवार को चिन्मय कृष्ण दास से खुद को अलग कर लिया, और कहा कि उनके कार्य धार्मिक संस्था के 'प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं' ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, इस्कॉन बांग्लादेश के महासचिव चारु चंद्र दास ब्रह्मचारी ने कहा कि भिक्षु को अनुशासन भंग करने के कारण संगठन के सभी पदों से हटा दिया गया है।
चारु चंद्र दास ने कहा कि इस्कॉन का चिन्मय कृष्ण दास की गतिविधियों में कोई संलिप्तता नहीं है, जिन्हें इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने आज कहा, 'कई महीने पहले, प्रभातक श्री कृष्ण मंदिर के प्रमुख (Head of Prabartak Sri Krishna Mandir) लीलाराज गौर दास, गौरांग दास और चटगाँव में श्री श्री पुंडरीक धाम (Sri Pundarik Dham in Chittagong) के प्रमुख चिन्मय कृष्ण दास को अनुशासन के उल्लंघन के कारण इस्कॉन के भीतर उनके पदों और सभी संगठनात्मक गतिविधियों से हटा दिया गया था। यह स्पष्ट रूप से कहा गया था कि उनके कार्य इस्कॉन का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं।'
बांग्लादेशी दैनिक ने उनके हवाले से कहा, 'चटगाँव में वकील सैफुल इस्लाम अलिफ की मौत के साथ इस्कॉन बांग्लादेश को गलत तरीके से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि इस्कॉन बांग्लादेश का इस दुखद घटना या चल रहे विरोध प्रदर्शनों में कोई हाथ नहीं है। यह गलत बयान इस हद तक बढ़ गया है कि सड़क दुर्घटनाओं के लिए इस्कॉन को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।'
केवल एकता और सद्भाव को बढ़ावा
उन्होंने कहा कि इस्कॉन बांग्लादेश कभी भी सांप्रदायिक या संघर्ष-प्रेरित गतिविधियों में शामिल नहीं रहा है और केवल एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने में लगा हुआ है।
