Meta Jobs Cut: यूएसए (USA) की टेक कंपनी मेटा (Meta Platforms, Inc) में काम करने वालों की नौकरी जा सकती है। फेसबुक (Facebook), इंस्टाग्राम (Instagram) और वॉट्सऐप (WhatsApp) के स्वामित्व वाली कंपनी ने इस हफ्ते छंटनी की योजना बनाई है। नाम न बताने की शर्त पर अमेरिकी अखबार 'The New York Times' को इस मामले की जानकारी रखने वाले तीन लोगों ने यह बताया है। हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं है कि कितने लोगों को और किन विभागों से कर्मचारियों को काम से बाहर किया जाएगा।
कहा जा रहा है कि यह जॉब कट इस हफ्ते के अंत तक किया जा सकता है। मेटा में सितंबर, 2022 के अंत में 87,314 कर्मचारी थे, जो कि साल 2021 के आंकड़े से 28 फीसदी ऊपर थे। दरअसल, मेटा कंपनी पिछले कुछ महीनों से वित्तीय तौर पर जूझ रही है। सिलिकॉन वैली स्थित कंपनी ने धीमी वैश्विक इकनॉमी और महंगाई के बीच उभरती मेटावर्स (Metaverse) तकनीक पर पानी की तरह पैसा खर्च किया था।
इस बीच, जिस डिजिटल एडवर्टाइजिंग से मेटा को मोटा राजस्व आता था, वह भी बीते कुछ समय में काफी कमजोर हुई है। विज्ञापनदाताओं ने अपने हाथ पीछे खीचें हैं, जिससे कई सोशल मीडिया कंपनियों पर असर पड़ा है, जबकि मेटा के काम-धंधे को एप्पल के लाए प्राइवेसी से जुड़े बदलावों के चलते नुकसान हुआ है।
वैसे, कंपनी के चीफ एग्जिक्यूटिव मार्क जकरबर्ग ने कहा था कि "अगले साल अधिकतर टीमें छोटी होंगी या फिर सिकुड़ेंगी।" उनके मुताबिक, कंपनी "2023 के अंत तक लगभग उसी आकार के रूप में रहेगी या फिर आज की तुलना में थोड़ा छोटा संगठन होगी।
सबसे रोचक बात यह है कि इस संभावित जॉब कट की खबर सामने आने से तीन रोज पहले यानी तीन नवंबर, 2022 को मेटा इंडिया के प्रमुख अजीत मोहन ने इस्तीफा दे दिया था। वह 2019 में कंपनी के प्रबंध निदेशक के तौर पर जुड़े थे, जबकि मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उन्होंने अब स्नैपचैट से हाथ मिला लिया है। ऐसे में आशंका जताते हुए कहा जा रहा है कि क्या मेटा भी एलन मस्क के टि्वटर की राह पर आगे बढ़ रहा है?
