Iran US Tension: ईरानी नौसेना के एक हेलीकॉप्टर ने बुधवार को ओमान की खाड़ी में ईरानी जल क्षेत्र की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे एक अमेरिकी युद्धपोत के सामने उड़ान भरी। ईरान के सरकारी टीवी चैनल ने बताया कि ईरानी सेना ने अमेरिकी नौसेना के विध्वंसक पोत यूएसएस फिट्जगेराल्ड का सामना करने के लिए हेलीकॉप्टर भेजा था, जो स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 10 बजे जलक्षेत्र के पास पहुंचा था।
यह घटना ईरान और इजरायल के बीच 12 दिनों के युद्ध के बाद ईरानी और अमेरिकी सेनाओं के बीच पहला आमना-सामना था। युद्ध के दौरान अमेरिकी बी-52 बमवर्षक विमानों ने ईरान के तीन परमाणु प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया था जिसके बाद ईरान ने कतर और इराक के अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध मिसाइलें दागी थीं।
