Iran War Updates: पश्चिम एशिया और खाड़ी में बदलती सुरक्षा स्थिति के बीच इजराइली डिफेंस फोर्स (Israeli Defence Forces) ने मंगलवार को तेहरान और तबरीज में संयुक्त हमले किए। यह जानकारी आईडीएफ द्वारा साझा की गई है। एक पोस्ट में आईडीएफ ने बताया कि जिन ठिकानों पर हमला किया गया उनमें तबरीज में एक विशेष इकाई का कमांड सेंटर, तेहरान में इमाम हसन सुरक्षा इकाई का सैन्य परिसर, बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण और तोपखाने की फायरिंग के लिए जिम्मेदार सुरक्षा इकाई का कमांड सेंटर, मराघे प्रांत में खुफिया और सामान्य सुरक्षा पुलिस का कमांड सेंटर और तबरीज में बासिज बलों का एक बड़ा परिसर शामिल था।
इजराइल ने ईरान से दागी गई मिसाइलों को रोका
इस बीच, इजराइली वायु सेना ने एक पोस्ट में कहा कि उसने ईरान से दागी गई मिसाइलों को रोका है और लोगों से सावधानी बरतने का आह्वान किया है। एक पोस्ट में उसने कहा, आईडीएफ ने पता लगाया है कि कुछ समय पहले ईरान से इजराइल की ओर मिसाइलें दागी गई थीं। डिफेंस सिस्टम खतरे को रोकने के लिए सक्रिय हैं। पिछले कुछ मिनटों में गृह मोर्चा कमान ने संबंधित क्षेत्रों में मोबाइल फोन पर सीधे शुरुआत निर्देश जारी किए हैं। जनता से जिम्मेदारी निभाने और निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया जाता है। चेतावनी मिलत ही सुरक्षित क्षेत्रों में प्रवेश करें और अगली घोषणा तक वहीं रहें। सुरक्षित क्षेत्र से बाहर निकलने की अनुमति केवल स्पष्ट निर्देश प्राप्त होने के बाद ही दी जाएगी; गृह मोर्चा कमान के निर्देशों का पालन करते रहें।
ईरान का दावा- मार गिराए MQ-9 रीपर और इजरायली हर्मेस ड्रोन
वहीं, तसनीम समाचार एजेंसी ने ईरानी सेना के हवाले से बताया कि हाइफा में स्थित एक इजरायली सैन्य खुफिया और उपग्रह निगरानी केंद्र को ड्रोन हमलों का निशाना बनाया गया। इसने X पर लिखा, ईरानी सेना ने पुष्टि की है कि हाइफा (ओफेक) में स्थित एक इजरायली सैन्य खुफिया और उपग्रह निगरानी केंद्र, जिसने एडवांस सैन्य हथियारों के विकास और उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, उसे ड्रोन हमलों का सफल निशाना बनाया गया। इसमें यह भी दावा किया गया कि ईरान ने इस्फहान के ऊपर अमेरिकी MQ-9 रीपर और इजरायली हर्मेस ड्रोन को मार गिराया। इसमें आगे कहा गया कि अमेरिकी-इजराइली ठिकानों पर कई क़द्र, इमाद और खेबर शाहकान मिसाइलें दागी गईं।
अमेरिका ने तबाह किए ईरान के कई जहाज
वहीं, अमेरिकी सेनाएं समुद्र में ईरान की नौसेना क्षमता को लगातार कमजोर कर रही हैं। मंगलवार को, CENTCOM ने ईरानी नौसैनिक जहाजों पर हमलों के दृश्य भी साझा किए। यू एस सेंट्रल कमांड ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर बताया कि किस तहर होरमुज स्ट्रेट के पास तैनात ईरानी जहाजों को तबाह किया जा रहा है।
इस बीच, अल जजीरा ब्रेकिंग ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात ने कहा कि वह ईरान की ओर से दागी गई 'बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार' का जवाब दे रहा है। इसमें आगे बताया गया कि सऊदी अरब ने शैबा तेल क्षेत्र के पास दो ड्रोन को रोके जाने का जिक्र किया।
