दुनिया

'बड़ी गलती कर दी, बिना जवाब दिए नहीं छोड़ेंगे', Touska की जब्ती पर भड़का ईरान, मंडराया भीषण युद्ध का खतरा

ईरान और अमेरिका के बीच तनाव उस समय चरम पर पहुंच गया जब ईरानी जहाज Touska की जब्ती को लेकर विवाद बढ़ गया। ईरान ने अमेरिकी कार्रवाई को “सशस्त्र समुद्री डकैती” बताते हुए सैन्य जवाब की चेतावनी दी है। तेहरान का आरोप है कि ओमान की खाड़ी में अमेरिकी मरीन ने जहाज के नेविगेशन सिस्टम को नुकसान पहुंचाकर उस पर अवैध कब्जा किया।

Image

ईरान ने दी अमेरिका पर कार्रवाई की धमकी। AI IMAGE

US Iran War: अमेरिका-ईरान के बीच संघर्षविराम एक बार फिर भीषण मोड़ लेता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी नेवी ने ईरान के एक मालवाहक जहाज को कब्जे में ले लिया है। रविवार को अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास नौसैनिक नाकाबंदी से बचने की कोशिश कर रहे एक ईरानी ध्वज वाले मालवाहक जहाज पर हमला कर उसे जब्त कर लिया। अमेरिका के इस एक्शन से ईरान आग बबूला हो उठा है।

ईरान ने अमेरिकी नौसेना की इस कार्रवाई को "सशस्त्र समुद्री डकैती" करार देते हुए सैन्य जवाबी कार्रवाई की सीधी धमकी दी है। ईरानी अधिकारियों का दावा है कि ओमान की खाड़ी में अमेरिकी मरीन ने उनके वाणिज्यिक जहाज के नेविगेशन सिस्टम को नष्ट कर उस पर अवैध रूप से कब्जा किया है।

यह समुद्री डकैती है: ईरान

तेहरान के सैन्य मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि वे इस "समुद्री डकैती" को बिना जवाब दिए नहीं छोड़ेंगे, जिससे क्षेत्र में पहले से जारी तनाव के और अधिक बढ़ने की आशंका पैदा हो गई है।

दूसरी ओर, अमेरिकी प्रशासन और राष्ट्रपति ट्रम्प ने इस कार्रवाई को समुद्री नाकेबंदी (Naval Blockade) के उल्लंघन का परिणाम बताया है। अमेरिका का तर्क है कि 'Touska' ने कई चेतावनियों के बावजूद रुकने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद अमेरिकी डिस्ट्रॉयर ने कार्रवाई करते हुए उसे नियंत्रित किया।

ट्रंप ने दी ईरान को धमकी

एक तरफ जहां पाकिस्तान में ईरान-अमेरिका के बीच दूसरे रॉउन्ड की बातचीत की तैयारी चल रही है। वहीं, दूसरी ओर ट्रंप लगातार ईरान को धमकी दे रहे हैं। हाल ही में ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान ने मौजूदा समझौते की शर्तों को स्वीकार नहीं किया, तो अमेरिका उसके तमाम पावर प्लांट और पुलों को जमींदोज कर देगा।

सीजफायर के उल्लंघन का आरोप

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने होर्मुज में गोलीबारी कर मौजूदा सीजफायर समझौते की धज्जियां उड़ा दी हैं। उन्होंने बताया कि ईरानी हमलों का निशाना फ्रांस और ब्रिटेन के जहाज बने हैं। ट्रंप के मुताबिक, ईरान का यह कदम उसकी हताशा को दर्शाता है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article