Ayatollah Ali Khamenei Funeral: तेहरान में ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को अंतिम विदाई देने के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। अंतिम दर्शन के दौरान ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालीबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची अपने आंसू नहीं रोक सके। दोनों नेताओं का भावुक होकर रोने का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, शुक्रवार से तेहरान में खामेनेई के शोक समारोह शुरू हो गए हैं। ग्रैंड मोसाला मस्जिद में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है, जहां देश के शीर्ष नेता, सैन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
मोहम्मद बाघेर गालीबाफ और अब्बास अराघची जब खामेनेई के ताबूत के पास पहुंचे तो दोनों भावुक हो गए। श्रद्धांजलि अर्पित करते समय उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस दौरान वहां मौजूद अन्य नेताओं ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। ईरान में खामेनेई के सम्मान में कई दिनों तक राष्ट्रीय शोक मनाया जा रहा है। सरकार ने इन अंतिम संस्कार समारोहों को बड़े स्तर पर आयोजित किया है और लाखों लोगों के इसमें शामिल होने की उम्मीद जताई गई है। सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद कड़ी रखी गई है।
पश्चिमी देशों के नेता समारोह में मौजूद नहीं
खामेनेई के अंतिम संस्कार को केवल एक धार्मिक रस्म नहीं, बल्कि ईरान की एकता और राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। समारोह में कई मित्र देशों के प्रतिनिधिमंडल भी शामिल हुए हैं, जबकि पश्चिमी देशों के नेता इसमें मौजूद नहीं हैं।
वहीं, भारत की तरफ से एक हाई लेवल डेलिगेशन ने तेहरान पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। डेलिगेशन में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा शामिल रहे। हसनैन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "आज तेहरान में अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा के साथ भारत का प्रतिनिधित्व किया. इसके साथ ही, हालिया संघर्ष में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।"
सलमान खुर्शीद, महबूबा मूफ्ती ने दी श्रद्धांजलिइसके अलावा, भारत के विभिन्न धर्मों के धार्मिक नेताओं के साथ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी दिवंगत नेता को आखिरी सलाम पेश किया। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में महबूबा मुफ्ती ने कहा, "ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई की शहादत पर अपनी गहरी संवेदना और एकजुटता व्यक्त करने के लिए तेहरान में होना मेरे लिए सम्मान की बात है. वे एक सम्मानित नेता थे, जिन्होंने धारा के विपरीत खड़े होने का साहस किया और पीड़ितों के लिए संघर्ष किया।"
समारोह में 1.5 से 2 करोड़ लोगों के शामिल होने का अनुमान
नौ जुलाई तक चलने वाले इन समारोहों को केवल राजकीय शोक तक सीमित नहीं रखा जा रहा, बल्कि इन्हें ईरान अपनी धार्मिक, राजनीतिक और जनसमर्थन की ताकत के प्रदर्शन के रूप में भी पेश कर रहा है। ईरान की सरकार और धार्मिक नेतृत्व लोगों से बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरकर खामेनेई को श्रद्धांजलि देने की अपील कर रहे हैं। समारोह में 1.5 से 2 करोड़ लोगों के शामिल होने का अनुमान है।
फिलहाल तेहरान की ग्रैंड मोसाला मस्जिद में खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्यों के ताबूत रखे गए हैं। इनमें उनके एक दामाद, सबसे बड़ी बेटी, 14 माह की पोती जहरा मोहम्मदी गोलपायेगानी और नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की पत्नी के ताबूत भी शामिल हैं।
रॉयटर के अनुसार, खामेनेई के पार्थिव शरीर को फोरेंसिक मोर्चरी के रेफ्रिजरेटेड कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखा गया था। इस्लाम में रासायनिक तरीके से शव संरक्षित करने की अनुमति नहीं होने के कारण केवल कम तापमान का सहारा लिया गया। शिया परंपरा के अनुसार युद्ध जैसी असाधारण परिस्थितियों में दफन में देरी और ठंडे तापमान में पार्थिव शरीर सुरक्षित रखने की धार्मिक अनुमति ली गई थी।
