नवरात्र के साथ त्योहारी सीजन की शुरुआत होने वाली है। त्योहारों का यह दौर नवरात्र, दुर्गापूजा, धनतेरस, दिवाली और छठ पर्व तक चलेगा। इस दौरान हर कोई जमकर खरीदारी करते हैं। यह बैंकों और वित्तीय कंपनियों के लिए बिजनेस बढ़ाने का सुनहरा मौका भी होता है। इसलिए वो इंस्टेंट लोन का ऑफर लेकर आते हैं। आपको भी इन दिनों बैंकों से 2 से 5 लाख रुपये के प्री-अप्रूव्ड लोन, नोटिफिकेशन आ रहे होंगे। मैसेज में लिखा होगा कि तुरंत पैसे पाने के लिए यहां टैप करें। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या बिना जरूरत के यह लोन लेना चाहिए। आइए आपको बताते हैं कि झटपट लोन लेने से पहले किन बातों का ख्याल रखना चाहिए।
इंस्टेंट लोन होता क्या है?
बैंक अच्छे क्रेडिट डिस्ट्री वाले ग्राहक को इंस्टेंट लोन ऑफर करते हैं। Instant Loan की सबसे बड़ी खासियत यही है कि पैसा बेहद जल्दी मिल जाता है। यह लोन अक्सर बैंक उन ग्राहकों को ऑफर करते हैं, जिनका खाता और डक्यूमेंट्स बैंक के पास होता है। लंबी कागजी प्रक्रिया से बचने के कारण लोग अक्सर लोन की शर्तों को ठीक से पढ़े बिना ही ‘Accept’ कर देते हैं।
लोन लेने से पहले क्या चेक करें?
बैंकिंग जानकारों का कहना है कि Instant Loan लेने से पहले कम से कम 5 मिनट रुकें और कुछ जरूरी चीजों की जांच जरूर करें। यह छोटी-सी सावधानी आपको महंगे कर्ज और अनावश्यक फीस से बचा सकती है।
1. EMI नहीं, लोन की पूरी लागत देखें
लोन लेने से पहले सिर्फ यह न देखें कि आपकी EMI कितनी बनेगी। सबसे पहले यह समझें कि पूरे लोन के दौरान आपको कुल कितना पैसा चुकाना होगा। लोन लेने से पहले पता करें कि लोन पर Flat Interest Rate लागू है या Reducing Balance Rate। फ्लैट रेट में ब्याज पूरी अवधि के दौरान मूलधन की शुरुआती रकम पर लगाया जाता है, जबकि Reducing Balance में बकाया मूलधन कम होने के साथ ब्याज भी घटता जाता है।
2. प्रोसेसिंग फीस कितनी है?
इंस्टैंट लोन लेने से पहले प्रोसेसिंग फीस की रकम को जरूर चेक करें। उदाहरण के लिए, अगर ₹1 लाख के लोन पर 2% Processing Fee है, तो आपके खाते में करीब ₹98,000 ही आ सकते हैं, जबकि ब्याज और रीपेमेंट की गणना ₹1 लाख के लोन पर होगी।
3. प्री-पेमेंट चार्ज जरूर देखें
लोन लेने से पहले प्री-पेमेंट चार्ज जरूर देखें। हो सकता है कि आपको कुछ महीनों बाद बोनस या दूसरी रकम मिल जाए और आप लोन समय से पहले चुका दें। ऐसे में पता करें कि लोन को समय से पहले बंद करने पर कोई Prepayment या Foreclosure Charge तो नहीं लगेगा।
4. लंबी लोन टेन्योर के जाल में न फंसें
Instant Loan ऐप अक्सर लंबी अवधि चुनने का विकल्प देते हैं। मसलन, 48 महीने की अवधि चुनने पर EMI कम दिखाई देगी और लोन लेना आसान लगेगा। लेकिन लंबी अवधि का मतलब अक्सर कुल ब्याज का ज्यादा भुगतान भी होता है। इसलिए केवल कम EMI देखकर फैसला न करें। अपनी आय और खर्च को देखते हुए ऐसी अवधि चुनें जिसकी EMI आप आराम से चुका सकें और जिसमें कुल ब्याज भी कम रहे।
5. लोन ऐप और Lender की विश्वसनीयता जांचें
अगर आप अपने बैंक के बजाय किसी Fintech App से Instant Loan ले रहे हैं, तो यह जरूर पता करें कि असली Lender कौन है। ऐप के पीछे मौजूद बैंक या NBFC की जानकारी और उसकी रेगुलेटरी स्थिति जांचें। लोन की पूरी शर्तें, ब्याज दर, फीस और शिकायत निवारण की जानकारी भी पढ़ें।
