दुनिया

इजरायली धमकी के बीच ईरान के परमाणु केंद्र पर भीषण हमला; यूरेनियम प्रोसेसिंग यूनिट को बनाया गया निशाना

Iran Israel Conflict: ईरान पर एक बड़ा हमला हुआ। यह हमला उस चेतावनी के कुछ ही घंटों बाद सामने आया, जिसमें इजरायल ने तेहरान के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई को और तेज व व्यापक करने की बात कही थी।

Image

ईरान पर इजरायल का भीषण हमला

Photo : AP

Iran Israel Conflict: ईरान पर शुक्रवार को एक बड़ा हमला हुआ। ईरान की सरकारी मीडिया ने कहा कि देश के परमाणु केंद्रों पर शुक्रवार को हमला किया गया है। इससे कुछ घंटे पहले इजरायल ने ईरान में हमले तेज करने और उनका दायरा बढ़ाने की चेतावनी दी थी।

IRNA की रिपोर्ट के मुताबिक, एक हेवी-वाटर प्लांट और येलोकेक उत्पादन संयंत्र को निशाना बनाया गया। येलोकेक यूरेनियम का वह सघन रूप होता है, जो कच्चे अयस्क से अशुद्धियां हटाने के बाद प्राप्त होता है, जबकि हेवी वाटर का इस्तेमाल परमाणु रिएक्टरों में न्यूट्रॉन की गति को कम करने के लिए किया जाता है।

ईरान और अमेरिका के बीच चल रही वार्ता?

वहीं, इजरायल ने ईरान पर नए सिरे से हमले शुरू किए, जबकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध खत्म करने के लिए सार्थक बातचीत जारी है। ट्रंप ने होर्मुज जलडमरुमध्य खोलने के लिए ईरान को दी गई समयसीमा आगे बढ़ा दी। हालांकि, ईरान के झुकने के कोई संकेत नहीं मिले हैं।

इजरायल की सेना ने कहा कि शुक्रवार को तेहरान में हमले करते हुए बैलिस्टिक मिसाइल और अन्य हथियार बनाने के ठिकानों को निशाना बनाया गया। सेना ने कहा कि इसके अलावा पश्चिमी ईरान में मिसाइल लॉन्चर और भंडारण स्थलों पर भी हमले किए गए।

काश पटेल के निजी खाते हैक!

इस बीच, ईरान समर्थक एक 'हैकिंग' समूह ने अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (FBI) के निदेशक काश पटेल के खाते को हैक करने का शुक्रवार को दावा किया और उनकी कई साल पुरानी तस्वीरें, कार्य अनुभव तथा अन्य व्यक्तिगत दस्तावेज ऑनलाइन पोस्ट किए। इनमें से कई दस्तावेज एक दशक से भी अधिक पुराने प्रतीत होते हैं।

हंडाला समूह ने शुक्रवार को पोस्ट किए संदेश में कहा, ''एफबीआई के वर्तमान प्रमुख काश पटेल का नाम कभी एजेंसी के मुख्यालय में गर्व से लिया जाता था, अब उनका नाम उन लोगों की सूची में शामिल होगा जिनके सिस्टम को हैक कर लिया गया है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article