अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच मंगलवार को तेहरान ने यूएई की ओर मिसाइलें दागी हैं। जिसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हड़कंप मच गया। इसके बाद दुबई और शारजाह समेत कुछ इलाकों में लोगों के मोबाइल फोन पर इमरजेंसी अलर्ट भेजा गया और उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई।
UAE के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहली मिसाइल देश की क्षेत्रीय जलसीमा के बाहर गिरी,जबकि दूसरी मिसाइल UAE की क्षेत्रीय जलसीमा के भीतर जा गिरी। इस हमले के बाद यूएई ने सख्त रुख अपनाया है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने साफ कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियां किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार हैं।
दुबई और शारजाह में जारी हुआ अलर्ट
वहीं, मिसाइल खतरे का पता चलने के बाद UAE ने तुरंत लोगों के लिए अलर्ट जारी किया। अलर्ट की आवाजें दुबई और शारजाह में भी सुनी गईं। इस दौरान गृह मंत्रालय ने लोगों से नजदीकी सुरक्षित इमारत में तुरंत शरण लेने और केवल आधिकारिक माध्यमों से मिलने वाली जानकारी पर भरोसा करने को कहा। हालांकि कुछ ही समय बाद अधिकारियों की ओर से दूसरा संदेश जारी कर बताया गया कि स्थिति सुरक्षित है और लोग सामान्य गतिविधियां शुरू कर सकते हैं। मंगलवार का यह अलर्ट पिछले कई महीनों में UAE में जारी किए गए सबसे महत्वपूर्ण मिसाइल चेतावनियों में से एक था।US-Iran समझौता खत्म होने के बाद पहली बड़ी चेतावनी
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है,जब अमेरिका और ईरान के बीच मध्य पूर्व में लड़ाई रोकने के लिए हुआ समझौते की अवधि समाप्त हो चुकी है और दोनों के बीच बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। क्षेत्र में सैन्य तनाव बढ़ने के साथ खाड़ी देशों की सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ रही है। UAE पहले भी क्षेत्रीय संघर्ष के दौरान ईरानी हमलों का सामना कर चुका है। वहीं
होर्मुज को लेकर भी बढ़ा विवाद
UAE की ओर मिसाइल खतरे की यह घटना ऐसे समय आई है,जब होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। हाल के दिनों में होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को लेकर कई घटनाएं सामने आई हैं। UAE ने ईरान पर अपने एक तेल कंपनी से जुड़े जहाज को निशाना बनाने का आरोप भी लगाया है। इसके बाद अबू धाबी ने तेहरान से हमले रोकने और जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलने की मांग की थी।
ईरान की ओर से तत्काल प्रतिक्रिया नहीं
UAE की ओर से दो मिसाइलों के लॉन्च का दावा किए जाने के बाद खबर लिखे जाने तक ईरान की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। हालांकि UAE ने अपनी वायु रक्षा क्षमता पर भरोसा जताते हुए कहा है कि देश किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार है।
