दुनिया

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच तेहरान का शक्ति प्रदर्शन, भीड़ के बीच निकाले गए ड्रोन; सेना के समर्थन में लोगों ने लगाए नारे

Iran Drone Parade: अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद ईरान ने अपनी सैन्य ताकत दिखाने के लिए बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया। इस्लामशहर में हुई रैली में ड्रोन परेड निकाली गई और हजारों लोगों ने सेना के समर्थन में हिस्सा लिया।

Image

भीड़ के बीच निकाले गए शाहेद-136 ड्रोन (Photo: @PressTV)

Photo : Twitter

Iran Drone Parade: अमेरिका और इजराइल के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान (Iran Military Power) ने अपनी सैन्य ताकत दिखाने के लिए बड़े स्तर पर प्रदर्शन शुरू किया है। हाल ही में इस्लामशहर शहर में रात के समय एक बड़ी जनसभा आयोजित की गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। इस दौरान भीड़ के बीच तीन ड्रोन की परेड निकाली गई। ईरान के सरकारी मीडिया ने इसे देश की ताकत और एकजुटता का संदेश बताया है। इन रैलियों में बड़ी संख्या में आम लोग, युवा और परिवार शामिल हो रहे हैं। लोग हाथों में झंडे लेकर सड़कों पर निकल रहे हैं और अपनी सेना व सरकार के समर्थन में नारे लगा रहे हैं।

शाहेद-136 जैसे ड्रोन भी शामिल

सबसे ज्यादा ध्यान उन ड्रोन पर रहा जिन्हें लोगों के बीच प्रदर्शित किया गया। इनमें शाहेद-136 जैसे ड्रोन शामिल बताए जा रहे हैं, जिन्हें ईरान अपनी सैन्य शक्ति का अहम हिस्सा मानता है। यह प्रदर्शन ऐसे समय में हो रहा है जब हाल के दिनों में ईरान पर अमेरिका और इजराइल की ओर से हमले किए गए थे। इन हमलों में कुछ सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया था। इसके जवाब में ईरान ने भी ड्रोन और मिसाइलों के जरिए प्रतिक्रिया दी थी। हालांकि फिलहाल हालात कुछ शांत हैं, लेकिन ईरान लगातार यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि वह किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।

ड्रोन अब ईरान की सैन्य रणनीति का बड़ा हिस्सा

ईरानी मीडिया के अनुसार, देश के अलग-अलग शहरों में कई दिनों से ऐसी सभाएं आयोजित की जा रही हैं। कुछ जगहों पर नवविवाहित जोड़े भी इन रैलियों में शामिल हो रहे हैं, जिससे यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि पूरा देश एकजुट है। विशेषज्ञों का मानना है कि ड्रोन अब ईरान की सैन्य रणनीति का बड़ा हिस्सा बन चुके हैं। ये कम खर्च में लंबी दूरी तक हमला करने में सक्षम माने जाते हैं। ईरान इन रैलियों के जरिए अपने दुश्मनों को चेतावनी देने और जनता का मनोबल मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल पूरी दुनिया की नजर ईरान की गतिविधियों पर बनी हुई है।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article