Iran US Conflict: ईरान ने व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिना लेविट (Karoline Leavitt) को 'मां' बनने की बधाई दी। कैरोलिना लेविट ने हाल ही में एक बेटी को जन्म दिया है और उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए यह जानकारी साझा की।
ईरान का लेविट को कड़ा संदेश
कैरोलिना लेविट के पोस्ट पर ईरान ने कड़ा संदेश पोस्ट किया। आर्मेनिया स्थित ईरानी दूतावास ने 'एक्स' पर लिखा, ''आपको बधाई। बच्चे मासूम और बेहद प्यारे होते हैं। मीनाब के उस स्कूल में जिन 168 बच्चों की आपके बॉस (अमेरिकी राष्ट्रपति) के आदेश पर हत्या हुई थी और जिसे आपने जायज ठहराया था, वे भी किसी के मासूम बच्चे थे। जब आप अपने बच्चे को प्यार करें, तब उन बच्चों की माताओं के दर्द को भी जरूर याद कीजिए।''
कैरोलिना लेविट ने बेटी को दिया जन्म
कैरोलिना लेविट ने एक मई को बेटी को जन्म दिया। कैरोलिना लेविट ने बताया कि वह अपनी बेटी को प्यार से विवियाना या वीवी (Viviana) कहकर बुलाती हैं। उन्होंने बताया कि विवियाना, जिसे हम प्यार से वीवी कहकर पुकारते हैं, हमारे परिवार का हिस्सा बनी और उसके आते ही हमारा दिल खुशियों और प्यार से भर गया। वह पूरी तरह स्वस्थ और बेहद प्यारी है। उसका बड़ा भाई भी अपनी नन्ही बहन के साथ नए रिश्ते को खुशी-खुशी अपना रहा है।
कैरोलिना लेविट ने आगे कहा, ''हम इस खूबसूरत पल का आनंद ले रहे हैं। मेरी गर्भावस्था के दौरान जिन्होंने भी दुआएं और शुभकामनाएं भेजीं, उन सभी का दिल से शुक्रिया। मैंने पूरे सफर में उन प्रार्थनाओं की ताकत को महसूस किया। ईश्वर सचमुच महान हैं।''
जब मिनाब स्कूल में US ने की स्ट्राइक
सरकारी प्रसारक आईआरआईबी और ईरानी मीडिया के मुताबिक, 28 फरवरी को मीनाब में एक ईरानी स्कूल पर हुए हमले में 165 से ज्यादा लोग मारे गए थे, जिनमें 73 छात्र और 47 छात्राएं शामिल हैं। यह हमला उसी दिन हुआ जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान के खिलाफ व्यापक हमले किए। जवाबी कार्रवाई में तेहरान ने इजरायल और खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए।
