Iran US Ceasefire: ईरान-अमेरिका के बीच जारी नाजुक युद्धविराम के बीच रविवार तड़के कुवैत की सेना ने उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल ड्रोन को मार गिराया। कुवैती रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी ने बताया कि शत्रु ड्रोन कुवैत के हवाई क्षेत्र में घुसे और सुरक्षाबलों ने 'स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार' जवाबी कार्रवाई की।
इधर, ईरान के पड़ोसी देश रोजाना तेहरान की ओर से होने वाले मिसाइल या फिर ड्रोन स्ट्राइक का दावा कर रहे हैं। उधर, इजरायल ने फिर लेबनान पर हमले तेज कर दिए हैं। हालिया हमलों में कई लोगों के मारे जाने की सूचना है।
इजरायल ने फिर बेरूत पर बरपाया कहर
इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच भी युद्धविराम लागू होने के बावजूद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। इजरायल ने बेरूत में किए ड्रोन हमलों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दक्षिणी लेबनान में हुए विभिन्न हवाई हमलों में कम से कम 13 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 12 वर्षीय बच्ची भी शामिल है।
लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, बेरूत और दक्षिणी बंदरगाह शहर सैदोन को जोड़ने वाले हाईवे पर दो ड्रोन हमले हुए, जिनमें कई लोग घायल हो गए। तीसरा हमला लेबनान के चोउफ क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़क पर हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई।
दक्षिणी गांव सकसाकियेह पर हुए इजरायली हवाई हमले में सात लोगों की मौत हुई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल था, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा बोरज रहहाल गांव में तीन और मैफादौन में एक व्यक्ति की मौत की खबर है।
इजरायल हमले में पिता-पुत्री की मौत
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, नबातियेह शहर में एक सीरियाई नागरिक अपनी 12 वर्षीय बेटी के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी इजरायली ड्रोन ने हमला कर दिया। शुरुआती हमले के बाद दोनों बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन ड्रोन ने दोबारा निशाना बनाया। पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल बच्ची कुछ दूरी तक भागी, लेकिन उसे फिर निशाना बनाया गया। बाद में अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई।
