दुनिया

अमेरिकी हमलों पर ईरान ने किया पलटवार, जॉर्डन-बहरीन में US सैन्य ठिकानों पर किए हमले

जॉर्डन ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुई 13 बैलिस्टिक मिसाइलों में से 10 को रोक दिया, जबकि तीन मिसाइलें आबादी वाले इलाकों से दूर सुनसान क्षेत्रों में गिरीं। इस बीच, कुवैत ने कहा कि ईरानी हमले के बाद उसकी वायु रक्षा प्रणालियां शत्रुतापूर्ण ड्रोन हमलों का जवाब दे रही हैं।

Image

जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य बेस पर ईरान ने किया हमला। -फाइल पिक्चर, X@CENTCOM

Iran attacks US bases : ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध एक बार फिर शुरू हो गया है। दोनों तरफ से एक-दूसरे को निशाना बनाते हुए हमले हुए हैं। अपने बंदरगाह बंदर अब्बास पर हुए अमेरिकी हमले के जवाब में ईरान ने जॉर्डन एवं बहरीन स्थित एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले और बहरीन में बड़े पैमाने पर ड्रोन से हमले किए। द इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने अपने बयान में कहा कि 'उसने आक्रमणकारी को अफसोसजनक जवाब दिया।' आईआरजीसी ने दावा किया कि उसने बैलिस्टिक मिसाइलों से जॉर्डन स्थित एक अमेरिकी बेस पर हमले किए। ईरानी मीडिया की रिपोर्ट में बहरीन स्थित एक अमेरिकी सैन्य पर बड़े स्तर पर ड्रोन हमला करने का दावा किया गया है।

सुनसान क्षेत्रों में गिरीं मिसाइलें

जॉर्डन ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुई 13 बैलिस्टिक मिसाइलों में से 10 को रोक दिया, जबकि तीन मिसाइलें आबादी वाले इलाकों से दूर सुनसान क्षेत्रों में गिरीं। इस बीच, कुवैत ने कहा कि ईरानी हमले के बाद उसकी वायु रक्षा प्रणालियां शत्रुतापूर्ण ड्रोन हमलों का जवाब दे रही हैं। यह ताजा तनाव उस समय बढ़ा जब अमेरिकी सेना ने मंगलवार को दो दिनों में दूसरी बार ईरान पर हमला किया। इस दौरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के ठिकानों को निशाना बनाया गया।

समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाने की नाकाम कोशिश

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी थी कि किसी भी जवाबी कार्रवाई पर अमेरिका उससे कहीं अधिक कड़ा जवाब देगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी ठिकानों पर 'बड़े और शक्तिशाली' हमले कर रहा है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी अभियान ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाने की कथित नाकाम कोशिश और जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरान के मिसाइल हमले के जवाब में किया गया।

होर्मुज की नाकेबंदी और कड़ी हो गई है

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फार्स न्यूज ने बताया कि जवाबी सैन्य अभियान शुरू हो गया है। IRGC ने कहा कि उसने हमलावरों के खिलाफ 'अफसोसजनक जवाब' शुरू किया है। IRGC ने अमेरिका पर कई स्थानों, जिनमें नागरिक इलाके भी शामिल हैं, पर 'अंधाधुंध और हताश हमले' करने का आरोप लगाया। उसने कहा कि इन हमलों से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी और कड़ी हो गई है और रणनीतिक जलमार्ग में मौजूद विदेशी सेनाओं का मुकाबला करने के लिए ईरानी लड़ाकों का संकल्प और मजबूत हुआ है।

'बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिक मारे गए'

IRGC ने एक बयान में कहा कि उसने जॉर्डन स्थित एक अमेरिकी सैन्य अड्डे को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया। IRGC ने एक अन्य बयान में यह भी दावा किया कि इस हमले में 'बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिक मारे गए।' हालांकि, इस दावे पर अमेरिका की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article