दुनिया

मोदी की किसी चीज को कॉपी करते हैं इंडोनेशिया के राष्ट्रपति? भरी महफिल में बोले- 'मुझे स्वीकार करने में कोई संकोच नहीं'

Prabowo Subianto Copy Modi Programs: इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मैं आपके करियर को फॉलो करता हूं और आपके प्रोग्राम्स को कॉपी करता हूं।

Image

मोदी की किसी चीज को कॉपी करते हैं इंडोनेशिया के राष्ट्रपति? भरी महफिल में बोले- 'मुझे स्वीकार करने में कोई संकोच नहीं'

President Prabowo Subianto on PM Modi: इंडोनेशिया की आधिकारिक राजकीय यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक कामयाबी में आज एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। जकार्ता में पीएम मोदी के सम्मान में आयोजित एक आधिकारिक बैंक्वेट लंच (भोज) के दौरान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो (Prabowo Subianto) ने वैश्विक मंच पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का लोहा माना। राष्ट्रपति प्रबोवो ने खुले मंच से स्वीकार किया कि वे पीएम मोदी के राजनीतिक करियर के मुरीद हैं और भारत की सफल योजनाओं को अपने देश में लागू करने के लिए उन्हें हूबहू 'कॉपी' करते हैं।

'आपके प्रोग्राम्स सैकड़ों मिलियन लोगों के लिए सफल रहे'

बैंक्वेट लंच के दौरान मेहमानों को संबोधित करते हुए इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने बेहद आत्मीयता के साथ प्रधानमंत्री मोदी की जमकर सराहना की, जिस पर वहां मौजूद गणमान्य लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।

राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने कहा, 'मैं (पीएम मोदी) के सामने यह खुलकर स्वीकार करना चाहता हूं कि मैं आपके करियर को फॉलो करता हूं और आपके कई कार्यक्रमों (योजनाओं) को कॉपी करता हूं। मुझे यह स्वीकार करने में बिल्कुल झिझक नहीं है, क्योंकि जो नीतियां भारत में सैकड़ों मिलियन (करोड़ों) लोगों के लिए सफल साबित हुई हैं-जिनकी पृष्ठभूमि और समस्याएं बिल्कुल इंडोनेशिया जैसी ही हैं, वे हमारे लिए भी कारगर हैं। भारत ने आपके नेतृत्व में बहुत प्रगति की है। मैं खुले तौर पर स्वीकार करता हूं कि हम आपकी योजनाओं को अपने यहां अपना रहे हैं और यह हमारे लिए भी सफल साबित हो रही हैं। इसके लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।'

पीएम मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

इस ऐतिहासिक द्विपक्षीय मुलाकात के दौरान इंडोनेशियाई राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश के सर्वोच्च राजकीय सम्मान 'बिंतंग आदिपूर्ण' (Bintang Adipurna of the Republic of Indonesia) पदक से सम्मानित किया। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने खुद पीएम मोदी के गले में यह मेडल पहनाया।

यह सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पीएम मोदी का संदेश साझा करते हुए आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसपर कहा, 'आज सुबह मुझे अत्यंत स्नेह के साथ इंडोनेशिया के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि भारत के करोड़ों नागरिकों का है... यह इंडोनेशिया के लोगों की भावनाओं और भारत-इंडोनेशिया के ऐतिहासिक व घनिष्ठ संबंधों का प्रतीक है। मैं राष्ट्रपति प्रबोवो जी, इंडोनेशिया की सरकार और यहां की जनता का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं।'

क्यों खास है यह कूटनीतिक केमिस्ट्री?

राजनयिक विशेषज्ञों के अनुसार, किसी विकासशील देश के राष्ट्रप्रमुख द्वारा भारत के प्रधानमंत्री की नीतियों को खुले मंच से रोल मॉडल (Role Model) मानना भारत की बढ़ती 'सॉफ्ट पावर' और 'ग्लोबल साउथ' (Global South) के नेतृत्व को दर्शाता है। इंडोनेशिया और भारत दोनों की आबादी और सामाजिक संरचना में काफी समानताएं हैं, ऐसे में भारत की डिजिटल इंडिया, जन कल्याण और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं की धमक अब दक्षिण-पूर्व एशिया में साफ देखी जा रही है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article